CM धामी के सख्त रुख के बाद अवैध मदरसों के खिलाफ एक्शन (फाइल चित्र)
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के सख्त निर्देशों के बाद उत्तराखंड में संचालित मदरसों की जांच तेज कर दी गई है। इसी क्रम में जनपद हरिद्वार में प्रशासन की प्रारंभिक जांच के दौरान कई मदरसों में गंभीर अनियमितताएं सामने आई हैं। वहीं 23 मदरसों की गतिविधियां संदिग्ध पाई गई है, जिसके बाद उनकी मार्च और अप्रैल माह की धनराशि रोक दी गई है।
जानकारी के अनुसार, शासन के निर्देशों के क्रम में हरिद्वार जिले के पीएम पोषण योजना से आच्छादित 131 मदरसों की प्रारंभिक जांच कराई गई। जाँच अधिकारियों के अनुसार, कुछ मदरसों के हिसाब किताब और छात्र संख्या में गड़बड़ी सामने आई है। इसके अलावा कई मदरसों में बाहरी राज्यों से बच्चों को लाकर पढ़ाए जाने की जानकारी भी सामने आई है।
इस खुलासे के बाद अब प्रशासन यह पता लगाने में जुटा है, कि ये बच्चे कहां से आए, उन्हें कौन लेकर आया और उनका सत्यापन किस प्रकार किया गया। इसके लिए जिलाधिकारी मयूर दीक्षित द्वारा कमेटी का गठन किया गया, जो गहनता से सभी संदिग्ध मदरसों की जांच करेगी। प्रशासन ने 11 मदरसों में पीएम पोषण योजना बंद करने के आदेश भी जारी किए हैं।
राज्य सरकार ने स्पष्ट कर दिया है, कि 1 जुलाई 2026 से उन मदरसों को संचालित नहीं होने दिया जायेगा, जिन्होंने उत्तराखंड शिक्षा बोर्ड और अल्पसंख्यक शिक्षा प्राधिकरण से मान्यता प्राप्त नहीं की होगी। सभी मदरसों में उत्तराखंड शिक्षा बोर्ड द्वारा संचालित पाठ्यक्रम भी पढ़ना अनिवार्य होगा।
गौरतलब है, कि बच्चों को समान शिक्षा और समान अधिकारी दिलाने के उद्देश्य से उत्तराखंड सरकार ने यह निर्णय लिया है। इस संबंध में जिला शिक्षा अधिकारी बेसिक अमित चंद ने बताया, कि प्रथम चरण में मिड डे मील वाले मदरसे जांच के दायरे में है। जांच के दौरान सामने आया है, कि 23 मदरसे नियमों का पालन नहीं कर रहे हैं।
मदरसा संचालको द्वारा ना तो डाटा और ना ही मिड डे मील की जानकारी दी जा रही है। 23 में से 11 मदरसों में मिड डे मिल बंद कर दिया गया है। इसके अलावा इन सभी मदरसों को नोटिस जारी किए गए हैं।
जिलाधिकारी हरिद्वार मयूर दीक्षित ने बताया, कि हरिद्वार जिले में संचालित सभी मदरसों में तालीम लेने वाले छात्रों और शिक्षकों का सत्यापन किया जा रहा है। इसके साथ ही अन्य मदरसों की भी चरणबद्ध तरीके से जांच की जाएगी। साथ ही जिला शिक्षा अधिकारी बेसिक को नोडल ऑफिसर बनाया गया है।
