राज्यसभा सांसद राघव चड्ढा, (फोटो साभार: X@raghav_chadha) फाइल चित्र
दिल्ली की राजनीति में आज एक बड़ा धमाका हुआ है। आम आदमी पार्टी के संसदीय दल में बड़ी टूट की खबर सामने आई है। दरअसल, आप पार्टी के संस्थापक सदस्य और राज्यसभा सांसद राघव चड्ढा अपने साथियों के साथ भाजपा में शामिल हो गए। इस ताजा राजनीतिक भूचाल के बाद आम आदमी पार्टी का राज्यसभा में एक तरह से सफाया हो गया।
शुक्रवार (24 अप्रैल 2026) को संदीप पाठक और अशोक मित्तल के साथ प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए राज्यसभा सांसद राघव चड्ढा ने कहा, “हमने फैसला किया है, कि हम राज्यसभा में आम आदमी पार्टी के दो-तिहाई सदस्य भारत के संविधान के प्रावधानों का प्रयोग करते हुए भाजपा में विलय कर लेंगे।” उन्होंने साफ किया, कि वह अब जनता के करीब जाने के लिए आम आदमी पार्टी से दूरी बना रहे है।
#WATCH | 2/3rd MPs of AAP in Rajya Sabha announce merging with the BJP.
AAP MP Raghav Chadha says, "There are 10 AAP MPs in the Rajya Sabha, more than 2/3rd of them are with us in this. They have signed and this morning we submitted the signed letter and documents to the Rajya… pic.twitter.com/mn4kuYs2ht
— ANI (@ANI) April 24, 2026
राघव चड्ढा ने प्रेस वार्ता के दौरान भावुक होते हुए कहा, कि जिस पार्टी को उन्होंने अपने खून-पसीने से सींचा था, वह अब अपने सिद्धांतों से भटक गई है। उन्होंने कहा, कि आप पार्टी अब देशहित में नहीं बल्कि निजी फायदों के लिए काम कर रही है। राघव चड्डा ने सख्त शब्दों में कहा, कि पिछले कुछ सालों से उन्हें महसूस हो रहा था, कि वह एक गलत पार्टी में सही इंसान हैं।
मीडिया रिपोर्ट्स में सूत्रों के हवाले से बताया जा रहा है, कि राघव चड्ढा के साथ स्वाति मालीवाल, अशोक मित्तल, संदीप पाठक, विक्रम साहनी, राजिंदर गुप्ता और हरभजन सिंह बीजेपी में शामिल होंगे। वर्तमान में ये सभी राज्यसभा में आप के सांसद हैं। बता दें, कि आप पार्टी के पास राज्यसभा में कुल 10 सांसद है। यानी अब आप के दो तिहाई राज्यसभा सांसद बीजेपी में शामिल होने जा रहे हैं।
गौरतलब है, कि अशोक मित्तल को इसी महीने राघव चड्ढा के स्थान पर राज्यसभा में उप-नेता बनाया गया था। आम आदमी पार्टी में हुई इस बगावत ने दिल्ली से लेकर पंजाब तक की राजनीति में हलचल मचा दी है। इससे पहले दिल्ली विधानसभा चुनावों के दौरान स्वाति मालीवाल भी बगावती रुख अपना चुकी थी। इस बड़ी टूट ने आप पार्टी के भविष्य और उसकी सांगठनिक एकता पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए है।
वहीं आम आदमी पार्टी के राज्यसभा सांसद संजय सिंह ने आज प्रेस कॉन्फ्रेंस कर राघव चड्ढा समेत अन्य राज्यसभा सांसदों के पार्टी छोड़ने पर कहा, कि पंजाब की जनता इन्हें कभी माफ नहीं करेगी। उन्होंने कहा, कि आज मन बहुत व्यथित है, एक अच्छी सरकार वहां चल रही है और भगवंत मान वहां के लोगों के लिए अच्छा काम कर रहे हैं।
