सांकेतिक चित्र
पिथौरागढ़ जिले से सनसनीखेज वारदात सामने आई है। क्षेत्र में दंपति के बीच हुए मामूली विवाद में पति ने अपनी पत्नी की हत्या कर दी। हत्या को अंजाम देने के बाद हत्यारोपी पति ने पुलिस के सामने जाकर आत्मसमर्पण किया।
जानकारी के अनुसार, आरोपित राजेश राम निवासी कानड़ी गांव अपने परिवार के साथ पिथौरागढ़ नगर के जाखनी में किराए के मकान में रहता है, लेकिन वो महाराष्ट्र में नौकरी करता है। राजेश करीब एक हफ्ते पहले ही महाराष्ट्र से घर लौटा है। शनिवार तड़के राजेश राम का किसी बात पर अपनी पत्नी के साथ कहासुनी हो गई, जो जल्द ही झगड़े में तब्दील हो गया।
पुलिस ने बताया, दंपति के बीच विवाद इतना बढ़ गया, कि राजेश ने गुस्से में आकर सुबह करीब साढ़े चार बजे चाकू से पत्नी नीलम (30 वर्ष) पर जानलेवा हमला कर दिया। इस हमले में गंभीर रूप से घायल नीलम ने मौके पर दम तोड़ दिया। पत्नी की हत्या करने के बाद राजेश राम खुद ही पुलिस के पास पहुंचा और उन्हें पूरा मामला बताया।
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस ने राजेश के घर पहुंचकर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा। शुरुआती जाँच में मामला घरेलू विवाद का लग रहा है। हालांकि हत्या के पीछे के सटीक कारणों की जांच की जा रही है। पुलिस ने बताया, कि राजेश महाराष्ट्र में सिक्योरिटी गार्ड के रूप में कार्यरत है। वह करीब एक सप्ताह पहले ही घर आया था।
परिवार के सदस्यों और पड़ोसियों के अनुसार, दंपती के बीच अक्सर विवाद की स्थिति बनी रहती थी। पिथौरागढ़ कोतवाल ललित मोहन जोशी ने बताया, कि घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने तत्काल मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। शव का पंचायतनामा भर लिया गया है और अन्य आवश्यक विधिक कार्रवाई अमल में लाई जा रही।
