धनतेरस पर दून के बाजारों में उमड़ी भीड़, (फोटो साभार : ANI)
खुशी, उमंग और रोशनी का दीपोत्सव का धनतेरस के साथ बीते शनिवार से आगाज हो गया। धनतेरस के अवसर पर देशभर के बाजारों में उत्साह का माहौल रहा। लोगों ने सोने-चांदी की जमकर खरीदारी की। इसके साथ ही झाड़ू, इलेक्ट्रॉनिक सामान के साथ दिवाली पूजन के लिए लक्ष्मी-गणेश जी की मूर्तियां, पूजन सामग्री और मिट्टी के दिए भी खरीदे।
धनतेरस के शुभ मुहूर्त पर दूनवासी भी खरीदारी करने के लिए निकले। दून के बाजार में करीब 600 करोड़ रुपए की धनवर्षा हुई। आम से लेकर खास तक ने अपनी जरूरत के अनुसार खरीदारी की। सबसे ज्यादा रौनक सराफा, बर्तन, ऑटोमोबाइल, इलेक्ट्रॉनिक और सजावटी सामान बेच रही दुकानों में दिखी। ज्वेलरी बाजार के साथ ही बर्तन बाजार भी देर रात तक खूब खनकता रहा।
गौरतलब है, कि सोना-चांदी के लगातार बढ़ते दामों के बावजूद भी ज्वेलर्स की दुकान पर लोगों की खूब भीड़ उमड़ी। लोगों ने ज्वेलरी के साथ ही चांदी के बर्तन, मूर्तियां और सिक्के खरीदे। दुकानदारों ने भी ग्राहकों को लुभाने में कोई कसर नहीं छोड़ी और हर जगह ऑफर की भरमार देखने को मिली। कार शोरूम में सुबह से देर रात तक वाहनों की खरीदारी के लिए ग्राहकों की भीड़ लगी रही।
#WATCH | Dehradun, Uttarakhand: On the occasion of Dhanteras and Diwali, people throng Dehradun’s famous Paltan Bazaar.
People were seen shopping for utensils and gold-silver items. pic.twitter.com/uMblCwIcbZ
— ANI (@ANI) October 18, 2025
बता दें, कि दिवाली के छह दिवसीय उत्सव का पहला दिन धनतेरस होता है। इस दिन धन के देवता कुबेर, धन की देवी लक्ष्मी, स्वास्थ्य के देवता धन्वंतरि और यमराज की पूजा की जाती है। धनतेरस पर वाहन, सोने-चांदी के बर्तन खरीदने का विशेष महत्व माना गया है। शनिवार सुबह से ही पलटन बाजार, धामावाला बाजार, हनुमान चौक, झंडा बाजार समेत सभी बाजार व गली- मोहल्लों के दुकानदारों में धनतेरस को लेकर खासा उत्साह दिखा।
वहीं ज्वेलरी की दुकानों पर पांच ग्राम से अधिक के सिक्के, लक्ष्मी गणेश जी की चांदी की मूर्तियां, सिंहासन और पूजा की थाल खरीदने के लिए ग्राहकों में विशेष क्रेज दिखा। इसके अलावा थाली, कटोरी, गिलास, घंटी और दिए की मांग भी रही। बता दें, कि केंद्र सरकार द्वारा जीएसटी की दरों में कटौती का असर भी कई चीजों पर दिखा।
