देहरादून में फायरिंग करने वाले 3 आरोपित गिरफ्तार,(फोटो साभार: X@DehradunPolice)
देहरादून स्थित मातावाला बाग के निकट फायरिंग मामले में पुलिस ने तीन आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया है। बताया जा रहा है, कि आरोपितों ने पुरानी रंजिश के चलते फायरिंग की घटना को अंजाम दिया था। वहीं देहरादून में फायरिंग की घटना के बाद आरोपितों ने हरिद्वार में भी फायरिंग की थी, जिसमें हरिद्वार पुलिस दो आरोपितों को गिरफ्तार कर चुकी है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय सिंह ने बताया, कि बीती 14 सितंबर को आसिफ मलिक निवासी मेहूंवाला ने पुलिस में एक शिकायत दर्ज कराई थी, कि वो अपने दोस्त हसन के साथ लालपुल से सहारनपुर चौक की तरफ जा रहा था। इसी दौरान मातावाला बाग के पास काले रंग की कार में बैठे व्यक्तियों ने उन्हें हाथ देकर रुकने का इशारा किया।
पीड़ित द्वारा गाड़ी नहीं रोकने पर बदमाशों ने उनकी कार को ओवरटेक करते हुए जान से मारने की नीयत से पिस्टल से दो बार फायर किये। पीड़ित की तहरीर के आधार पर शहर कोतवाली में अज्ञात आरोपितों के विरुद्ध संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया। आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए कोतवाली नगर में अलग-अलग टीमों का गठन किया गया।
मामले की तफ्तीश के दौरान पुलिस की टीमों ने घटनास्थल और उसके आसपास से आने-जाने वाले मार्गों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। जिसके बाद बीते बुधवार को घटना में शामिल तीन आरोपित यश ठाकुर, देवराज और प्रिंस रोसवाल निवासी ग्राम मुजफ्फरनगर को गिरफ्तार किया गया।
🚨कोतवाली क्षेत्र में हुई फायरिंग की घटना का दून पुलिस ने किया खुलासा,
🔳घटना में शामिल 03 अभियुक्तों को पुलिस ने किया गिरफ्तार🔗#Uttrakhandpolice #UKPoliceStrikeOnCrime #garhwalrangeuttarakhandpolice #देहरादून_पुलिस #dehraduntrafficpolice #dutyfirst #alert #FollowRules #crime pic.twitter.com/3iPp5eOq4R— Dehradun Police Uttarakhand (@DehradunPolice) September 17, 2025
कोतवाली नगर प्रभारी प्रदीप पंत ने बताया, कि यश ठाकुर और उसके साथियों की आसिफ उर्फ बाबा के साथ पुरानी रंजिश थी। जिसके चलते यश ठाकुर के कहने पर अन्य आरोपितों ने योजना बनाकर वारदात को अंजाम दिया। घटना में आरोपितों के साथ चार अन्य आरोपित ऋतिक, सागर, भानु और उधम प्रधान भी शामिल थे।
घटना में शामिल देवराज, प्रिंस रोसवाल, ऋतिक, सागर, भानु और उधम प्रधान प्रिंस की गाड़ी से देहरादून आए थे। आरोपितों को जानकारी थी, कि आसिफ के पास एक बिना नंबर की सफेद रंग की आई 20 कार है। बुधवार को आरोपितों ने आसिफ की कार का पीछा किया और मातावाला बाग के पास भानु व सागर ने जान से मारने की नीयत से उस पर फायर झोंक दिया।
पुलिस के अनुसार, देहरादून के बाद आरोपित भानु ने अपने साथियों के साथ कनखल और आरोपी उधम प्रधान ने रुड़की में फायरिंग की वारदात को अंजाम दिया। हरिद्वार पुलिस ने दोनों आरोपितों को देहरादून की घटना में इस्तेमाल पिस्टल के साथ गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। वहीं घटना में शामिल अन्य आरोपित ऋतिक और सागर की गिरफ्तारी के प्रयास जारी है।
