
CM धामी ने दिए हेलिकॉप्टर हादसे की उच्च स्तरीय जांच के आदेश,(चित्र साभार: जागरण)
उत्तरकाशी जिले में गुरुवार सुबह हेलिकॉप्टर दुर्घटनाग्रस्त हो गया। हादसे में पायलट समेत छह लोगों की मौत हो गई। हेलिकॉप्टर हादसे को लेकर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गहरा दुख जताया है। मुख्यमंत्री ने हादसे की उच्च स्तरीय जांच के आदेश दिए है। सीएम धामी ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए, कि जांच पारदर्शी हो और इसकी रिपोर्ट शासन को उपलब्ध कराई जाए।
मुख्यमंत्री कार्यालय ने एक्स पोस्ट (पूर्व में ट्विटर) पर जानकारी दी है, “सीएम धामी ने आज उत्तरकाशी के गंगनानी के समीप हुई दुर्भाग्यपूर्ण हेलीकॉप्टर दुर्घटना को गंभीरता से लेते हुए उच्च स्तरीय जांच के आदेश दिए हैं। उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि जांच पारदर्शी हो और इसकी रिपोर्ट शासन को उपलब्ध कराई जाए ताकि दुर्घटना के असली कारणों का पता चल सके।”
मुख्यमंत्री श्री @pushkardhami जी ने आज उत्तरकाशी के गंगनानी के समीप हुई दुर्भाग्यपूर्ण हेलीकॉप्टर दुर्घटना को गंभीरता से लेते हुए उच्च स्तरीय जांच के आदेश दिए हैं। उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि जांच पारदर्शी हो और इसकी रिपोर्ट शासन को उपलब्ध कराई जाए ताकि दुर्घटना…
— Office Of Pushkar Singh Dhami (@OfficeofDhami) May 8, 2025
मुख्यमंत्री धामी ने यह भी कहा, “भविष्य में ऐसी दुर्भाग्यपूर्ण घटनाएं दोबारा न हों, इसके लिए समुचित रणनीति और ठोस तकनीकी इंतजाम किए जाएं। उन्होंने सुरक्षा मानकों की समीक्षा कर सभी आवश्यक सुधार जल्द से जल्द लागू करने को कहा है। उन्होंने कहा कि सरकार जनता की सुरक्षा को सर्वोपरि मानती है।”
बता दें, कि गुरुवार 8 मई की सुबह करीब पौने नौ बजे उत्तरकाशी के गंगनानी में चारधाम यात्रियों का हेलीकॉप्टर हादसे का शिकार हो गया। हवाई दुर्घटना में पायलट समेत छह लोगों के मौत हो गई है। जबकि एक घायल हुआ है। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस-प्रशासन के साथ ही आपदा प्रबंधन की टीम ने मौके पर पहुंच कर रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया।
हेलिकॉप्टर एयरोट्रांस कंपनी का बताया जा रहा है, जिसने गुरुवार सुबह सहस्त्रधारा हेलीपैड से हर्षिल के लिए उड़ान भरी थी। हेलिकॉप्टर में सवार चार यात्री मुंबई और दो आंध्रप्रदेश के बताए जा रहे हैं। हादसे के कारणों की जांच एयरक्राफ्ट एक्सीडेंट इन्वेस्टिगेशन ब्यूरो और डायरेक्टोरेट जनरल ऑफ सिविल एविएशन ने शुरू कर दी है।
हेलीकाप्टर को 60 वर्षीय पायलट रॉबिन सिंह उड़ा रहे थे। बताया जा रहा है, कि हादसा हेलीपैड से उड़ान भरने के कुछ समय बाद ही हुआ। हेलीकॉप्टर क्रैश होने के बाद गंगनानी में 200 से 250 मीटर गहरी खाई में जा गिरा। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, हादसा इतना भयानक था, कि हेलीकॉप्टर के परखच्चे उड़ गए थे।