PM मोदी ने वाराणसी में ₹3900 करोड़ की 44 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण व शिलान्यास किया, (फोटो साभार : @BJP4India)
प्नधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार (11 अप्रैल 2025) को अपने संसदीय क्षेत्र वाराणसी में कई विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। सुबह 9:45 बजे लाल बहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर उतरने के बाद पीएम मोदी हेलीकॉप्टर से मेहंदीगंज पहुँचे, जहाँ उन्होंने विशाल जनसभा को संबोधित किया। बता दें, कि प्रधानमंत्री मोदी का अपने संसदीय क्षेत्र वाराणसी का यह 50वाँ दौरा है।
वाराणसी में पीएम मोदी ने कुल 3884.18 करोड़ रुपए की 44 परियोजनाओं का लोकार्पण व शिलान्यास किया गया, जिनमें बुनियादी ढाँचे, पर्यटन, तकनीकी शिक्षा, महिला सशक्तिकरण, ऊर्जा और परिवहन से संबंधित विकास योजनाएँ शामिल हैं। प्रधानमंत्री मोदी ने वाराणसी की तीन संस्थाओं को GI टैग प्रमाणपत्र भी प्रदान किए और ‘आयुष्मान भारत’ योजना के तहत 70 वर्ष से अधिक उम्र के तीन बुजुर्गों को स्वास्थ्य कार्ड सौंपे।
काशी का तेजी से चहुंमुखी विकास हो रहा है। इसी कड़ी में आज विभिन्न विकास परियोजनाओं का लोकार्पण-शिलान्यास करना मेरे लिए सौभाग्य की बात है। https://t.co/6vY4qCCLYp
— Narendra Modi (@narendramodi) April 11, 2025
इसके साथ ही पीएम मोदी ने प्रदेश की सभी डेयरियों को दूध आपूर्ति करने वाले किसानों को 101 करोड़ रुपए का बोनस भी दिया। प्रधानमंत्री ने ‘काशी हिंदू विश्वविद्यालय’ (BHU) में सांसद ज्ञान प्रतियोगिता, सांसद फोटोग्राफी प्रतियोगिता और सांसद संस्कृत प्रतियोगिता के प्रतिभागियों से भी संवाद किया और उन्हें सम्मानित किया। उन्होंने संत गुरु रविदास की जन्मस्थली पर पूजा-अर्चना की और उनकी 647वीं जयंती समारोह में भी शामिल हुए।
पीएम मोदी ने विशाल जनसभा को संबोधित करते हुए कहा, “काशी मेरी और मैं काशी का हूं। काशी के सभी लोगों को विकास योजनाओं का लाभ मिलेगा। काशी पुरातन नहीं, प्रगतिशील भी है।” उन्होंने कहा, कि पिछले 9 वर्षों में काशी में संपर्क सुविधाओं में अभूतपूर्व सुधार हुआ है, जिससे रोजगार के नए अवसर पैदा हुए हैं और पर्यटन में वृद्धि हुई है।
प्रधानमंत्री ने कहा, “आज काशी होकर जो भी जाता है, वो यहां के इंफ्रास्ट्रक्चर की, यहां की सुविधाओं की बहुत प्रशंसा करता है। हर दिन लाखों लोग बनारस आते हैं, बाबा विश्वनाथ का दर्शन करते हैं, मां गंगा में स्नान करते हैं। हर यात्री कहता है- बनारस, बहुत बदल गया है। जब आपने हमें तीसरी बार आशीर्वाद दिया, तब हमने भी सेवक के रूप में स्नेह स्वरूप अपने कर्तव्य को निभाया है।”
पीएम मोदी ने कहा, “मेरी गारंटी थी, बुजुर्गों का इलाज मुफ्त होगा, इसकी का परिणाम है, आयुष्मान वय वंदना योजना। ये योजना बुजुर्गों के इलाज के साथ ही उनके सम्मान के लिए है। उन्होंने कहा, कि बीते 10 वर्षों में बनारस के विकास ने एक नई गति पकड़ी है। काशी ने आधुनिक समय को साधा है, विरासत को संजोया है और भविष्य को उज्ज्वल बनाने की दिशा में मजबूत कदम रखे हैं।
प्रधानमंत्री मोदी ने अपने संबोधन में विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा, कि उनके लिए परिवार का साथ, परिवार के लिए विकास। उन्होंने कहा, “लोग सत्ता पाने के लिए खेल खेलते रहते हैं, लेकिन मेरा लक्ष्य है – परिवार का साथ परिवार का विकास। मेरा लक्ष्य है – ‘सबका साथ सबका विकास’। इस दिशा में ही बोनस (डेयरी किसानों को) वितरित किया गया है। यह उपहार नहीं आपकी तपस्या का परिणाम है। आपके पसीने का, आपके परिश्रम का तोहफा है।”
