अहमदाबाद में नोटों पर बापू की जगह अनुपम खेर की फोटो वाले ₹500 के नोट, (चित्र साभार- X/अनुपम खेर)
गुजरात स्थित अहमदाबाद में एक ज्वेलर्स से कुछ ठगों ने 2 किलो से अधिक सोना लगभग 1 करोड़ 90 लाख रुपये में खरीदा, लेकिन ज्वेलर्स के पैरों तले जमीन उस वक्त खिसक गई, जब उसने देखा, कि नोटों के ऊपरे महात्मा गांधी की तस्वीर के स्थान पर बॉलीवुड अभिनेता अनुपम खेर का फोटो छपा था। साथ ही रिजर्व बैंक ऑफ़ इंडिया की स्पेलिंग भी गलत छपी हुई थी। इन नोटों का एक वीडियो भी वायरल हो रहा है जिसे खुद अनुपम खेर ने शेयर किया है।
पुलिस के अनुसार, ठगों ने बड़े फर्जीवाड़े को अंजाम देते हुए नकली नोटों से असली सोना खरीद लिया। सर्राफा कारोबारी को धोखा देकर जालसाज फरार हो गए। यह पूरी धोखाधड़ी 1.60 करोड़ रुपये की है। सोने के बिस्किट के बदले व्यापारी को चिल्ड्रेन बैंक के नोट मिले। जानकारी में सामने आया है, कि माणेक चौक स्थित दोनों व्यापारियों के बीच 2100 ग्राम सोने की डिलीवरी होनी थी।
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, अहमदाबाद के मानेक चौक इलाके में मेहुल ठक्कर की सर्राफे की दुकान है। 24 सितंबर को उनके पास प्रशांत पटेल नामक युवक का फोन आता है। फोन करने वाले ने 2100 ग्राम सोना खरीदने की इच्छा व्यक्त की। फोन करने वाले ने स्वयं को एक नामी ज्वैलरी शॉप का मैनेजर बताया, जहाँ मेहुल के पुराने व्यापारिक संबंध थे। प्रशांत पटेल की बातों में आकर मेहुल इस सौदे के लिए तैयार हो गए।
एडवांस माँगे जाने पर प्रशांत ने बताया, कि खरीदार इतना पैसा ऑनलाइन ट्रांसफर नहीं कर सकता। उसने मेहुल को पैसे डिलीवरी वाले पते पर ही कैश में देने का भरोसा दिया। प्रशांत ने सोने की डिलीवरी के लिए नवरंगपुरा क्षेत्र की एक कूरियर कम्पनी का पता दिया। 1 करोड़ 60 लाख रुपयों में सौदा तय हो जाने के बाद ज्वेलर्स का कर्मचारी भरत जोशी सोना लेकर बताए गए पते पर पहुँच गया।
यहाँ पर उसे एक व्यक्ति मिला जिसने एक प्लास्टिक का कवर देते हुए उसमें 1 करोड़ 30 लाख रुपए होने का दावा किया। इस प्लास्टिक कवर में 500 रुपए की नकली नोटों के 26 बंडल मौजूद थे। ठग ने भरत जोशी से नोटों को कैश मशीन में गिनने के लिए कहा। इसी के साथ वह सोना उठाकर यह कहते हुए चला गया, कि बचे 30 लाख रुपए वो बगल वाली दुकान से ला रहा है। इधर कर्मचारी ने जैसे ही प्लास्टिक कवर खोला तो उसके अंदर से नकली नोट निकले।
इन नोटों की बनावट भी अजीब थी। नोटों में महात्मा गाँधी की जगह अनुपम खेर का चित्र छपा हुआ था। इन नकली नोटों के ऊपर ‘रिजर्व बैंक ऑफ इंडिया’ के बदले ‘रिसोल बैंक ऑफ इंडिया’ लिखा है। ये नोट जिस बंडल में पैक किए गए थे उनमें ‘स्टेट बैंक ऑफ इंडिया’ की जगह Start Bank of India प्रिंट था। अपने साथ हुई ठगी को भाँपते हुए भरत जोशी तत्काल ही ठग की तलाश में बाहर निकले। हालाँकि इतनी देर वो रफूचक्कर हो चुका था।
आखिरकार भरत जोशी ने अपने मालिक मेहुल को सूचना दी। मेहुल के जरिए यह सूचना पुलिस तक पहुँची। पुलिस ने मौके पर पहुँच कर नोटों को अपने कब्ज़े में लिया और पड़ताल शुरू कर दी। जाँच में पता चला, कि दोनों ठगों ने अपनी करतूत को लंबी प्लानिंग के बाद अंजाम दिया था। इन्होंने जो कूरियर कंपनी खोली थी वह भी फर्जी थी। बाहर एक फर्जी बोर्ड लगवा रखा था। दुकान भी किराए पर थी जहां पर महज 2 दिनों पहले ही पूरा सेटअप किया गया था।
लो जी कर लो बात! ???
पाँच सौ के नोट पर गांधी जी की फ़ोटो की जगह मेरी फ़ोटो???? कुछ भी हो सकता है! ??? pic.twitter.com/zZtnzFz34I— Anupam Kher (@AnupamPKher) September 29, 2024
पुलिस को यह भी पता चला, कि ठगों ने दुकान मालिक से 1-2 दिनों के बाद एग्रीमेंट बनवाने की बात कही थी। फिलहाल पुलिस सीसीटीवी फुटेज सहित अन्य सबूतों की पड़ताल करके ठगों तक पहुँचने का प्रयास कर रही है। वहीं अपनी तस्वीर से छपे नोटों पर बॉलीवुड अभिनेता अनुपम खेर ने भी चुटकी ली है। चौंकने वाली इमोजी के साथ अनुपम खेर ने लिखा, “लो जी कर लो बात। पाँच सौ के नोट पर गाँधी जी की फोटो की जगह मेरी फोटो ? कुछ भी हो सकता है।”
