लोक गायिका रिंकू राणा का सड़क हादसे में निधन, (फोटो साभार : FB @Official Rinku Rana)
थारू जनजाति समाज की प्रथम लोक गायिका रिंकू राणा की सड़क दुर्घटना में निधन हो गया। वह अपने मायके बिछपुरी नानकमत्ता से होली मना कर अपनी भतीजी के साथ स्कूटी से लौट रही थी। इसी दौरान तेज रफ्तार ट्रैक्टर ट्रॉली ने उन्हें टक्कर मार दी। गंभीर रूप से घायल लोक गायिका को अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उनका निधन हो गया है।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सीमांत क्षेत्र के थारू जनजाति समाज की उभरती हुई लोक गायिका रिंकू राणा के आकस्मिक निधन पर शोक व्यक्त करते हुए कहा, “लोकसंस्कृति और लोकसंगीत के संरक्षण में उनका योगदान सदैव स्मरणीय रहेगा। उन्होंने अपने गीतों के माध्यम से थारू समाज की समृद्ध परंपराओं और संस्कृति को व्यापक पहचान दिलाई।”
थारू जनजाति की प्रसिद्ध लोकगायिका रिंकू राणा जी के सड़क दुर्घटना में असामयिक निधन का अत्यंत दुःखद समाचार प्राप्त हुआ।
लोकसंस्कृति और लोकसंगीत के संरक्षण में उनका योगदान सदैव स्मरणीय रहेगा। उन्होंने अपने गीतों के माध्यम से थारू समाज की समृद्ध परंपराओं और संस्कृति को व्यापक पहचान…
— Pushkar Singh Dhami (@pushkardhami) March 5, 2026
जानकारी के अनुसार, ग्राम कल्याणपुर नोगजा निवासी लोक गायिका रिंकू राणा पत्नी महेश राणा अपनी भतीजी के साथ किसी कार्य से सिसौना, सितारगंज गई थी। घर लौटते समय नानकमत्ता क्षेत्र के बिछपुरी के पास उनकी स्कूटी की टक्कर ट्रैक्टर-ट्राली से हो गई। गंभीर रूप से घायल रिंकू राणा को अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
इस हादसे में रिंकू राणा की भतीजी भी गंभीर रूप से घायल हो गईं। अस्पताल में उनकी भतीजी का इलाज जारी है। बताया जा रहा है, कि रिंकू राणा के शव को पोस्टमार्टम के लिए खटीमा उपजिला अस्पताल लाया गया है। 36 वर्षीय रिंकू राणा की ससुराल नानकमत्ता के ही पूरनगढ़ नौगला थी। वह अपने पीछे अपने 9 साल के बेटे निशांत एवं पति महेश सिंह को छोड़ गई है।
बता दें, कि रिंकू राणा थारू जनजाति के लोक कलाकार बंटी राणा के सांस्कृतिक दल के साथ राज्य स्तरीय कार्यक्रमों में प्रस्तुति देती थी। इसके साथ ही वह बंटी राणा के साथ दल प्रमुख भी थी। हाल ही में होली मिलन कार्यक्रमों में उन्होंने कई स्थानों पर अपनी प्रस्तुति दी थी। लोक गायिका रिंकू राणा ने दुर्घटना से एक दिन पहले ही अपना नया सॉन्ग भी लॉन्च किया था।
