सरकारी भूमि पर बनी अवैध मजार ध्वस्त, (फोटो साभार: etvbharat)
उत्तराखंड में सरकारी जमीनों पर अतिक्रमण कर बनाई गई अवैध मजारों के खिलाफ धामी सरकार का एक्शन लगातार जारी है। इसी क्रम में उधम सिंह नगर जिले के नानकमत्ता थाना क्षेत्र में सिंचाई विभाग की सरकारी भूमि पर बनी अवैध मजार की संरचना को पुलिस, सिंचाई विभाग एवं राजस्व विभाग द्वारा संयुक्त अभियान चलाकर ध्वस्त कर दिया।
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, उधम सिंह नगर स्थित सिखों के पवित्र तीर्थ श्री नानकमत्ता साहिब स्थित नानक सागर बांध के किनारे सरकारी भूमि पर निर्मित एक अवैध मजार को जिला प्रशासन ने शनिवार (20 जून 2026) को तड़के ध्वस्त कर दिया। यह कार्रवाई धामी सरकार के अतिक्रमण विरोधी अभियान के तहत की गई है।
अपर जिलाधिकारी पंकज उपाध्याय ने बताया, कि जिलाधिकारी नितिन भदौरिया के निर्देश पर सिंचाई विभाग की भूमि पर निर्मित उक्त संरचना को लेकर एक माह पूर्व नोटिस जारी किया गया था। संबंधित पक्ष द्वारा भूमि स्वामित्व से जुड़े वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किए गए। इस पर सिंचाई विभाग और पुलिस की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए सरकारी भूमि से अतिक्रमण हटा दिया।
उत्तराखंड में सरकारी भूमि पर अवैध अतिक्रमण के खिलाफ धामी सरकार की कार्रवाई लगातार जारी है।
उधम सिंह नगर स्थित सिखों के पवित्र तीर्थ श्री नानकमत्ता साहिब के नानक सागर क्षेत्र में सरकारी भूमि पर बनी अवैध मजार पर चला धामी का बुलडोजर। अब तक धामी सरकार 12 हजार एकड़ से अधिक सरकारी… pic.twitter.com/Qpd9CxPhVd
— Reetesh Maheshwari (@Reetesh777) June 20, 2026
प्रशासन के अनुसार ध्वस्तीकरण की कार्रवाई के दौरान संरचना के नीचे किसी प्रकार के अवशेष बरामद नहीं हुए है। एडीएम ने कहा, कि सरकारी भूमि पर किए गए अतिक्रमणों को हटाने का अभियान लगातार जारी है। कई अन्य संदिग्ध संरचनाओं को भी नोटिस जारी किए गए हैं।
बता दें, कि मुख्यमंत्री धामी अपने बयानों में स्पष्ट कर चुके हैं, कि राज्य में सरकारी भूमि पर किसी भी प्रकार का अवैध कब्जा बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। सरकारी आंकड़ों के मुताबिक, अभी तक लगभग 12 हजार एकड़ सरकारी भूमि को अतिक्रमण से मुक्त कराया जा चुका है।
