पुलिस ने आरोपी पत्नी और उसके प्रेमी को किया गिरफ्तार, (फोटो साभार: X@ETVBharatUK)
उधम सिंह नगर के काशीपुर में पत्नी ने अपने आशिक के साथ षड्यंत्र रचते हुए पति को जहर देकर मौत के घाट उतार दिया। इसके बाद लाश को नहर में फेंक ठिकाने लगा दिया। पुलिस ने इस सनसनीखेज हत्याकांड का खुलासा करते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। हालांकि, अभी शव बरामद नहीं हुआ है और उसकी तलाश जारी है।
जानकारी के अनुसार, काशीपुर क्षेत्र में यह पूरा मामला 1 मई को सामने आया, जब उत्तर प्रदेश के रामपुर जिले के थाना स्वार क्षेत्र निवासी चंद्रवती ने कोतवाली आईटीआई (काशीपुर) में तहरीर दी, कि बीती 25 अप्रैल को उनका बेटा कुलवंत सिंह अपनी पत्नी के पास काशीपुर के वांसखेड़ा गांव जाने की बात कहकर घर से निकला था, लेकिन इसके बाद वो वापस नहीं लौटा।
शिकायतकर्त्ता ने पुलिस को बताया, कि जब उन्होंने बेटे की पत्नी से पूछताछ की, तो उसने गलत जानकारी देकर मामले को टालने का प्रयास किया। जब पुलिस ने स्थानीय लोगों से पूछताछ की, तो पता चला, कि घटना वाले दिन दंपति के बीच विवाद हुआ था, जिसके बाद से कुलवंत लापता है। संदेह गहराने पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर मामले में जांच शुरू की।
तफ्तीश के दौरान पुलिस ने सर्विलांस का सहारा लिया, जिसमें चौंकाने वाला खुलासा हुआ, कि कुलवंत की पत्नी का कपिल मौर्या उर्फ राहुल मौर्या निवासी मसवासी (रामपुर) के साथ प्रेम प्रसंग चल रहा था। वारदात के समय दोनों आरोपियों की लोकेशन भी एक ही जगह पर पाई गई। पुलिस द्वारा सख्ती से पूछताछ करने पर महिला ने अपना गुनाह कबूल कर लिया।
आरोपी महिला ने बताया, कि उसका पति शराब पीने का आदी था और लगातार उसे प्रताड़ित करता था। इसी से परेशान होकर उसने प्रेमी के साथ मिलकर कत्ल की साजिश रची। योजना के तहत 25 अप्रैल को उसने अपने प्रेमी से जहर, शराब और अन्य सामान मंगवाया, फिर शराब में जहर मिलाकर अपने पति कुलवंत को पिला दिया, जिससे उसकी मौत हो गई।
पति की हत्या के बाद महिला ने अपने प्रेमी को बुलाया और दोनों ने मिलकर लाश को एक अल्टो कार में रखकर एनएच 74 बाईपास पुल से तुमड़िया डैम की बड़ी नहर में फेंक दिया। शव को ठिकाने लगाने के बाद दोनों वापस लौट आये। मृतक की माँ की शिकायत का एसएसपी अजय गणपति ने गंभीरता से संज्ञान लिया और मामले का तत्काल खुलासे के निर्देश दिए।
इसके बाद कोतवाली आईटीआई पुलिस और एसओजी टीम ने तेजी से कार्रवाई करते हुए सबूत जुटाए। सर्विलांस के साथ ही संदिग्धों से गहन पूछताछ की, जिसके बाद आरोपी पत्नी (उम्र 28 वर्ष) और उसके प्रेमी कपिल मौर्या उर्फ राहुल मौर्या (उम्र 29 वर्ष) को गिरफ्तार कर लिया।
एसएसपी, उधम सिंह नगर अजय गणपति ने बताया, “मामले में कुलवंत सिंह की पत्नी और उसके प्रेमी को गिरफ्तार किया गया है। दोनों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर उन्हें न्यायालय में पेश किया जा रहा है। फिलहाल, पुलिस और SDRF की टीम नहर में सघन सर्च ऑपरेशन चला रही है, लेकिन मृतक का शव अभी तक बरामद नहीं हो पाया है।”
