सांकेतिक चित्र
तेलंगाना के निजामाबाद में हुए एक हत्याकांड में बेहद सनसनीखेज साजिश का खुलासा हुआ है। एक महिला ने अपने प्रेमी और उसके दोस्त के साथ मिलकर पति की हत्या कर दी। आरोप है, कि पहले उसे छत से धक्का दिया गया, जब वह जिंदा बच गया तो उसे टॉयलेट क्लीनर का इंजेक्शन देकर मोत के घाट उतार दिया।
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, मृतक की पहचान खाड़ी मुल्क में काम करने वाले 35 वर्षीय प्रशांत के रूप में हुई है। प्रशांत की माँ ने पुलिस को बताया, कि उन्हें 30 जून को अपने बेटे की मौत की खबर मिली। मृतक की मां का कहना है, कि उन्हें यह तक नहीं पता था, कि उनका बेटा घर वापस आ गया है।
पुलिस को दी शिकायत में मृतक की मां ने बेटे की मौत को रहस्यमय बताते हुए अपनी बहू संध्या पर शक जताया था। पुलिस जांच के दौरान मिले तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर यह जानकारी सामने आई, कि संध्या के अनिल नाम के एक शख्स के साथ नाजायज संबंध थे, इसलिए उसने पति को रास्ते से हटाने के लिए प्रेमी के साथ मिलकर उसकी हत्या की साजिश रची।
पुलिस के अनुसार, संध्या और अनिल ने प्रशांत को रास्ते से हटाने की साजिश के तहत वेंकट साई नाम के एक अन्य शख्स की मदद ली, जो प्रशांत का दोस्त बताया जा रहा है। साजिश के तहत 29 जून 2026 को वेंकट साई ने प्रशांत को जरूरत से ज्यादा शराब पिलाई गई, इसके बाद उसे छत पर ले जाकर धक्का दे दिया।
आरोपितों द्वारा छत से धक्का दिए जाने के बावजूद प्रशांत जिंदा बच गया, लेकिन उसे गंभीर चोटें आईं। इसके बाद संध्या और वेंकट साई घायल प्रशांत को इलाज के लिए पहले सरकारी अस्पताल ले गए और उसके बाद उसे एक निजी अस्पताल में शिफ्ट कराया गया, लेकिन फिर वे प्रशांत को वापस घर ले आए।
प्राइवेट अस्पताल में नर्स के तौर काम करने वाली संध्या ने अनिल के साथ मिलकर प्रशांत को कैनुला के जरिए टॉयलेट क्लीनर का इंजेक्शन लगाया और उसे चारपाई से धकेल दिया, जिससे प्रशांत ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। इस पूरे मामले का खुलासा तब हुआ, जब प्रशांत की मां को बेटे की मौत पर शक हुआ और उन्होंने स्थानीय थाने में शिकायत दर्ज कराई।
पुलिस की पूछताछ के दौरान तीनों आरोपितों ने अपना गुनाह कबूल कर लिया। जिसके बाद पुलिस ने तीनों आरोपियों संध्या, अनिल और वेंकट साई को गिरफ्तार कर अदालत के समक्ष पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।
