दोस्त पर चाकू से हमला करने वाला आरोपित गिरफ्तार, (फोटो साभार: X@DehradunPolice)
राजधानी देहरादून के प्रेमनगर क्षेत्र में मामूली कहासुनी के बाद अपने साथी पर धारदार हथियार से जानलेवा हमला करने वाले आरोपित को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। इस घटना में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया था, जिसका उपचार दून मेडिकल कॉलेज अस्पताल में चल रहा है।
जानकारी के अनुसार, रविवार 5 जुलाई को कोतवाली प्रेमनगर में रजत मलिक ने शिकायत दर्ज कराते हुए बताया था, कि उनका भाई कृष्णा अपने दोस्त शिवानंद बालियान के साथ मुज्जफरनगर से देहरादून घूमने के लिए आया था।
एसएसपी दून की सख्ती के फिर दिखा असर
जानलेवा हमले का आरोपी अभियुक्त 24 घंटे के अंदर पहुँचा सलाखों के पीछे
अपने साथी पर धारदार हथियार से जानलेवा हमला करने वाले अभियुक्त को पुलिस ने किया गिरफ्तार
मामूली कहा सुनी के चलते हुए विवाद में अभियुक्त द्वारा दिया गया था घटना को अंजाम pic.twitter.com/rKSy2QzEFj
— Dehradun Police Uttarakhand (@DehradunPolice) July 6, 2026
इस बीच प्रेमनगर दशहरा ग्राउंड में शिवानंद ने उनके भाई को जान से मारने की नीयत से हमला कर दिया, जिसमें उसके पेट और जांघ पर गहरे घाव हो गए। पीड़ित के भाई रजत मलिक की शिकायत के आधार पर शिवानंद बालियान के खिलाफ थाना प्रेमनगर में मुकदमा दर्ज किया गया।
मुकदमा दर्ज होने के बाद आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम गठित की गई। इसी क्रम में सोमवार 6 जुलाई को मुखबिर की सूचना पर चाकूबाजी की घटना को अंजाम देने वाले आरोपित को पौंधा रोड से गिरफ्तार कर लिया।
प्रेमनगर थाना प्रभारी नरेश राठौर ने बताया, “आरोपी शिवानंद बालियान मूल रूप से मुजफ्फरनगर का रहने वाला है। जो अपने दोस्त कृष्णा के साथ मुजफ्फरनगर से देहरादून घूमने के लिए आया था। घूमने के दौरान वे दोनों अपने एक अन्य साथी से मिलने उसके सेलाकुई स्थित कमरे में गए। जहां उन्होंने साथ में बैठकर शराब का सेवन किया।
उन्होंने बताया, कि शराब पीने के बाद आरोपित शिवानंद मुजफ्फरनगर वापस जाने की जिद करने लगा। जबकि, कृष्णा ने उसे देहरादून में ही रुकने को कहा। दशहरा ग्राउंड में इसी बात को लेकर शुरू हुए विवाद के चलते हुई शिवानंद ने आवेश में आकर अपने पास रखे धारदार हथियार से कृष्णा पर वार कर दिया और मौके से फरार हो गया।
