प्रतीकात्मक चित्र, (फोटो साभार: freepik.com)
दोस्ती में नाराजगी और खटास के बाद दोस्तों द्वारा किया गया मजाक उन्हें भारी पड़ गया। दरअसल, कई दिनों से बातचीत बंद होने पर तीन युवकों ने अपने दोस्त को लापता घोषित कर दिया था। उन्होंने उसकी तस्वीर वाले गुमशुदगी के पोस्टर शहर की दीवारों पर चस्पा किए और उसे ढूंढ़कर लाने वाले के लिए सिगरेट की डिब्बी इनाम के तौर पर घोषित कर दी।
जानकारी के मुताबिक, ऋषिकेश के रेलवे रोड क्षेत्र निवासी एक युवक निजी कंपनी में कार्यरत है। कुछ समय पहले किसी बात को लेकर उसका अपने तीन दोस्तों के साथ विवाद हो गया था। इसके बाद नाराज युवक ने उनसे बातचीत बंद कर दी और संपर्क भी कम कर दिया। कई दिनों तक बातचीत बंद होने पर दोस्तों ने उसके साथ एक अनोखा लेकिन गैर-जिम्मेदाराना मजाक करने की योजना बनाई।
युवक के दोस्तों ने उसकी तस्वीर के साथ गुमशुदा लिखवाकर पोस्टर तैयार किए। पोस्टर में युवक को “लापता” बताते हुए उसे खोजकर लाने वाले के लिए सिगरेट की डिब्बी इनाम के रूप में देने की बात भी लिखी गई। ये पोस्टर अंतरराज्यीय बस अड्डा परिसर और आशुतोष नगर क्षेत्र की दीवारों पर चिपकाए गए। साथ ही पोस्टर का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर भी वायरल कर दिया गया।
बताया जा रहा है, कि इस मामले ने तूल उस वक्त पकड़ा जब युवक और उसके परिजनों की नजर वायरल वीडियो पर पड़ी। परिजनों ने कोतवाली पहुंचकर संबंधित युवकों के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई। जिसके बाद पुलिस ने मामले का संज्ञान लेते हुए युवक के एक दोस्त को पूछताछ के लिए थाने बुलाया।
पूछताछ के दौरान दोस्त ने पुलिस को बताया, कि उनका मित्र कई दिनों से उनसे बात नहीं कर रहा था। उन्होंने उसे मनाने और मजाक के तौर पर यह हरकत की थी। युवकों ने बताया, कि उनका उद्देश्य किसी प्रकार की गलत सूचना फैलाना नहीं था। हालांकि पुलिस ने इसे गैर-जिम्मेदाराना हरकत मानते हुए युवकों को कड़ी फटकार लगाई।
प्रभारी निरीक्षक केसी भट्ट ने बताया, कि सभी युवकों को बुलाया गया। उन्हें कड़ी चेतावनी दी गई और उनके खिलाफ चालानी कार्रवाई भी की गई। यह कदम भविष्य में ऐसे गैर-जिम्मेदाराना मजाक रोकने के लिए उठाया गया है। पुलिस ने लोगों से अपील की है, कि मनोरंजन या मजाक के नाम पर ऐसे कृत्य न करें, जिनसे किसी व्यक्ति की प्रतिष्ठा प्रभावित हो या कानून-व्यवस्था संबंधी अनावश्यक स्थिति उत्पन्न हो।
