सूर्य किरण एयर शो में रोमांच और शौर्य का प्रदर्शन, (फोटो साभार : डीडी न्यूज)
मेरठ के आसमान में आज देशभक्ति और रोमांच का ऐसा संगम देखने को मिला, जिसको देखकर हर कोई उत्साहित था। दरअसल, न्यू इंटीग्रेटेड टाउनशिप में पहली बार आयोजित वायुसेना के एयर शो में सूर्य किरण एयरोबेटिक टीम के 9 हॉक एमके-132 लड़ाकू विमानों ने लगभग 30 मिनट तक हैरतअंगेज करतब दिखाए।
जानकारी के मुताबिक, एयर शो देखने के लिए करीब 11 हजार के आसपास लोग आयोजन स्थल पर पहुंचे थे, जिनमे 10 से अधिक स्कूलों के छात्र, एनसीसी और एनएसएस कैडेट्स भी कार्यक्रम का हिस्सा बने। इस दौरान कई छोटे बच्चे अपने माता-पिता के साथ हवाई जहाज वाले खिलौने लेकर पहुंचे थे।
एयर शो में सिर्फ लड़ाकू विमानों का रोमांच ही नहीं दिखा, बल्कि वायुसेना के शक्तिशाली विमानों ने भी आसमान में शानदार फॉर्मेशन बनाकर अपनी ताकत और सटीक नियंत्रण का प्रदर्शन कर सभी को हैरान कर दिया। दरअसल, सूर्यकिरण की सबसे खास बात यह है, कि ये पूरी तरह ‘मैन एंड मशीन’ का खेल है।
#WATCH | The Indian Air Force’s Surya Kiran Aerobatic Team performed a spectacular aerial display over Meerut, showcasing precision manoeuvres and coordinated formations in the sky.#SuryaKiran #Meerut #IndianAirForce #AirShow #IAF pic.twitter.com/qyReSR4HYg
— DD News (@DDNewslive) September 19, 2026
पायलट को विमान की गति, एल्टीट्यूड, ऊंचाई, हवा की दिशा और फार्मेशन में अपनी स्थिति का हिसाब उड़ान के दौरान ही करना पड़ता है। जिसके लिए खासतौर पर तैयारी की गई थी। वायुसेना के जांबाज पायलटों ने लड़ाकू विमानों के साथ ऐसे हैरतअंगेज करतब आसमान में करके दिखाए कि दर्शकों की निगाहें आसमान पर टिक गईं।
पहली बार मेरठ में हो रहे एयर शो के दौरान विमानों का सटीक तालमेल और अचूक सामंजस्य देखकर हर कोई अचंभित रह गया। असली रोमांच तब देखने को मिला, जब दो जेट एक-दूसरे की तरफ तेज रफ्तार से बढ़े और अंतिम समय पर एक-दूसरे को क्रास किया, तो लोग हैरान रह गए।
जिलाधिकारी डॉ वीके सिंह ने कहा, कि यह जो आयोजन हुआ है, इससे निश्चित ही युवाओं में उत्साह है। जनपद की मुख्य विकास अधिकारी नूपुर गोयल ने कहा, कि उन्हें भरोसा और पूरी उम्मीद है, कि दो दिन तक चलने वाले इस कार्यक्रम में आज जिस तरह से युवाओं में उत्साह देखा गया है, निश्चित तौर पर कल भी इससे अधिक युवा पहुंचेंगे।
