मिर्च पाउडर से फिल्मी स्टाइल में बैंक डकैती, (फोटो साभार: सोशल मीडिया)
महाराष्ट्र के नागपुर में फिल्मी स्टाइल में बैंक लूटे जाने का मामला सामने आया है। जहां, सक्करदरा इलाके में एसबीआई बैंक की ब्रांच में एक व्यक्ति ने कर्मचारियों की आंखों में मिर्ची पाउडर झोंककर 4 लाख रुपये लूट लिए। हालांकि, पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर फरार आरोपी को करीब 30 मिनट के भीतर ही पकड़ लिया।
पुलिस के मुताबिक, वारदात के समय बैंक में रोजाना की तरह सामान्य कामकाज चल रहा था। इसी बीच एक शख्स आम ग्राहक की तरह बैंक के अंदर दाखिल हुआ। आरोपी बैंक के कैश काउंटर के पास पहुंचा और सही अवसर का इंतजार करने लगा। इसके बाद उसने अचानक अपने पास रखा मिर्च पाउडर बैंक कर्मचारियों की आंखों में झोंक दिया।
आंखों में अचानक मिर्ची गिरते ही बैंक कर्मचारियों के बीच चीख-पुकार मच गई। उन्हें कुछ दिखाई नहीं दे रहा था, जिससे पूरे बैंक परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। इस अफरा-तफरी का पूरा फायदा उठाते हुए आरोपी ने तेजी से कैश काउंटर से लगभग 4 लाख रुपये की नकदी उठाई और मौके से फरार हो गया।
लुटेरा आया, बैंककर्मियों पर लाल मिर्च का पाउडर फेंका और 4.53 लाख रुपए लूटकर फरार हो गया.
घटना महाराष्ट्र के नागपुर के SBI बैंक की है. pic.twitter.com/CwwMQdouR9— Priya singh (@priyarajputlive) September 11, 2026
बैंक में डकैती के दौरान मौजूद कर्मचारियों और गार्ड ने अपनी जान की परवाह किए बिना हिम्मत दिखाते हुए आरोपी का पीछा करने की कोशिश भी की, लेकिन वह भीड़भाड़ का फायदा उठाकर मौके से भागने में कामयाब रहा। जिसके बाद बैंक अधिकारियों ने तत्काल पुलिस कंट्रोल रूम और स्थानीय पुलिस स्टेशन को लूट की सूचना दी।
जानकारी मिलने के बाद सक्करदरा पुलिस मौके पर पहुंची और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपी की पहचान कर उसकी तलाश शुरू की। पुलिस के अनुसार, घटना के करीब 30 मिनट के भीतर ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया। उसके पास से लूटी गई रकम भी बरामद कर ली गई है।
