ब्रिटेन के PM कीर स्टार्मर ने दिया इस्तीफा, (फोटो साभार: X_Keir_Starmer)
ब्रिटेन की सियासत में इस वक्त हलचल मची हुई है। दरअसल, ब्रिटेन के प्रधानमंत्री किएर स्टार्मर ने सोमवार, 22 जून को प्रधानमंत्री पद से त्याग पत्र देने की घोषणा कर दी है। बताया जा रहा है, कि लेबर पार्टी के भीतर बढ़ते असंतोष और आंतरिक कलह के बीच स्टार्मर को यह कदम उठाना पड़ा।
डाउनिंग स्ट्रीट से जारी एक भावुक बयान में स्टार्मर ने अपने नेतृत्व और पार्टी के भविष्य के बारे में आंतरिक सवालों को स्वीकार करते हुए कहा, “मुझे पता है कि अब जो सवाल पूछा जा रहा है, वह यह है कि लेबर पार्टी को आगे ले जाने के लिए सबसे बेहतर जिम्मेदारी किसकी है।”
स्टार्मर ने स्थिति स्पष्ट करते हुए कहा, “मैंने किंग (राजा) को अपने इस फैसले की जानकारी दे दी है। पार्टी के भीतर चल रहे घटनाक्रम को देखते हुए मेरा पद छोड़ना ही उचित है। हालाँकि देश में प्रशासनिक स्थिरता बनाए रखने के लिए मैं तब तक अपने पद पर बना रहूँगा, जब तक कि मेरे उत्तराधिकारी का चुनाव नहीं कर लिया जाता।”
Watch live: My statement. https://t.co/MX7ga3FRGq
— Keir Starmer (@Keir_Starmer) June 22, 2026
भावुक स्टार्मर ने अपनी पत्नी विक्टोरिया को ‘अच्छे और बुरे समय में मेरे साथ खड़े रहने’ के लिए धन्यवाद दिया। उन्होंने कहा, “जब मैं देश की सबसे बड़ी नौकरी छोड़ूंगा, तो मैं सबसे महत्वपूर्ण नौकरी पर अधिक समय बिताऊंगा, अपनी शानदार पत्नी विक के लिए सबसे अच्छा पति बनूंगा, जो मेरा गौरव और खुशी है।”
उल्लेखनीय है, कि जुलाई 2024 में कीर स्टार्मर की अगुवाई में लेबर पार्टी ने ऐतिहासिक जीत दर्ज की थी। शुरुआती दिनों में स्टार्मर सरकार को जनता का भारी समर्थन मिला, लेकिन जल्द ही मुल्क की अर्थव्यवस्था, चरमराती सार्वजनिक सेवाओं और पार्टी के आंतरिक कलह ने उनके सामने बड़ी चुनौतियाँ खड़ी कर दी।
इस घटनाक्रम में रोचक तथ्य यह भी है, कि इस्तीफे से पहले अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप ने दावा किया था, कि ब्रिटिश प्रधानमंत्री अपना पद छोड़ने वाले हैं। ट्रंप ने इस बात का भी जिक्र किया था, कि स्टार्मर ने अवैध और अनियंत्रित आव्रजन को रोकने में सफलता नहीं पाई। बता दें, कि बीते 10 साल में स्टार्मर ऐसे छठवें प्रधानमंत्री हैं, जिन्होंने कार्यकाल पूरा होने से पहले पद छोड़ा है।
