ब्लाइंड मर्डर का खुलासा, (फोटो साभार: X@haridwarpolice)
हरिद्वार नगर कोतवाली क्षेत्र स्थित दूधियाबंद बस्ती के पास जंगल में बरामद अज्ञात लाश का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने हत्या का खुलासा करते हुए आरोपित दंपति को गिरफ्तार कर लिया है। हत्या के पीछे की अवैध संबंध का मामला सामने आया है। पुलिस ने हत्याकांड में इस्तेमाल लोहे का चापड़ भी बरामद कर लिया है।
हरिद्वार एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर ने प्रेस वार्ता के दौरान हत्याकांड का खुलासा करते हुए मीडियाकर्मियों को बताया, कि गुरुवार 17 सितंबर की सुबह दूधियाबंद बस्ती के पास स्थित जंगल में अज्ञात शव मिला था। मृतक के पास बिजनौर की बस का टिकट था, लेकिन पहचान से संबंधित कोई दस्तावेज नहीं था।
पुलिस ने आसपास के थानों और सीमावर्ती जिलों में शव की फोटो और जानकारी भेजकर पहचान के प्रयास शुरू किए। 20 सितंबर को हरिद्वार पहुंचे परिजनों ने शव की पहचान 50 वर्षीय गोपाल कुमार निवासी नई बस्ती, बिजनौर उत्तर प्रदेश के रूप में की। मृतक के बेटे आशु कुमार की तहरीर पर नगर कोतवाली में हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया।
🧔🏻♂️👧🏻…कातिल couple गिरफ्तार, अज्ञात शव को मिला इंसाफ
🔅ब्लाइंड मर्डर का खुलासा कर एसएसपी नवनीत सिंह की टीम ने दिखाई अपनी दक्षता
🔅दुधियाबंद के पास जंगल में मिला था अज्ञात शव, कसरत के बाद हो पायी थी शिनाख्त
🔅एक्स्ट्रा मेरिटल अफेयर ने ली एक और बलि pic.twitter.com/1zOKvRN5Ue
— Haridwar Police Uttarakhand (@haridwarpolice) September 21, 2026
एसएसपी ने बताया, कि सीसीटीवी कैमरे व अन्य माध्यमों से खोजबीन करते हुए सोमवार को मोतीचूर रेलवे स्टेशन से दर्गो भारेरा बिजनौर निवासी आरोपी और उसकी पत्नी को गिरफ्तार कर लिया गया। पूछताछ के दौरान आरोपितों ने महिला के भाई के समेत गांव के ही रहने वाले एक अन्य शख्स के साथ मिलकर हत्या करने की बात स्वीकार की।
पूछताछ में सामने आया, कि हत्यारोपी नरेंद्र का फेफड़ों में पानी भरने के कारण मेरठ के एक अस्पताल में इलाज चल रहा था। इसी दौरान नरेंद्र की पत्नी की गोपाल से जान-पहचान हुई। इसके बाद दोनों आपस में बातचीत करने लगे। इस दौरान गोपाल ने नरेंद्र की पत्नी की आर्थिक मदद भी की।
कुछ मुलाकातों के बाद दोनों के बीच नजदकियां बढ़ने लगी और महिला और गोपाल के बीच अवैध संबंध भी बन गए। इसके बाद गोपाल लगातार महिला पर पति और बच्चों को छोड़कर उसके साथ रहने का दबाव बना रहा था। रक्षा बंधन के दिन महिला गोपाल से मिलने के लिए बिजनौर भी गई थी, जहां पति नरेंद्र ने दोनों को रंगेहाथ पकड़ लिया था।
पुलिस के मुताबिक, गोपाल ने नरेंद्र के साथ मारपीट भी की थी। जिसके बाद विवाद और बढ़ गया। इसके बाद गोपाल महिला को अपने साथ रहने का दबाव बनाने लगा। वह महिला को अश्लील वीडियो वायरल करने और जान से मारने की धमकी भी देता था। परेशान होकर महिला ने अपने पति को पूरी बात बता दी।
महिला ने पति को यह भी बताया, कि गोपाल आपराधिक प्रवृत्ति का आदमी था और कई बार जेल जा चुका था। पुलिस के पास जाने पर गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी देता है। पुलिस के अनुसार, परेशानी से छुटकारा पाने के लिए नरेंद्र ने अपनी पत्नी, भाई और गांव के एक अन्य व्यक्ति के साथ मिलकर गोपाल को ठिकाने लगाने की योजना बनाई।
योजना के तहत 16 सितंबर को महिला ने गोपाल को मिलने के लिए हरिद्वार बुलाया। दूधियाबंद के पास रात में पहले से ही नरेंद्र और उसका साला व अन्य उसकी ताक में बैठे हुए थे। गोपाल के शराब पीने और खाना खाने के बाद आरोपियों ने चापड़ और छुरी से वार कर उसे मोत के घाट उतार दिया। हत्या के बाद आरोपियों ने गोपाल के पर्स और मोबाइल को गंगा में फेंक दिया था।
