डिलीवरी बॉय को पीटने वाला सिक्योरिटी गार्ड गिरफ्तार, (फोटो साभार: X@DehradunPolice)
राजधानी देहरादून के जोगीवाला चौक स्थित मॉल परिसर में डिलीवरी बॉय के साथ मारपीट किए जाने का मामला सामने आने के बाद पुलिस ने आरोपित को गिरफ्तार कर लिया है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो में एक सिक्योरिटी गार्ड डिलीवरी बॉय के साथ गाली-गलौज करते हुए उसे लात-घूंसों से पीट रहा है।
पुलिस का कहना है, कि आरोपित जोगीवाला स्थित ओएसिस मॉल में सिक्योरिटी गार्ड की नौकरी करता है। आरोपी की पहचान महेंद्र सिंह (45 वर्ष) निवासी डिफेंस कॉलोनी, देहरादून के रूप में हुई है। घटना सोमवार देर शाम की बताई जा रही है। डिलीवरी बॉय मॉल स्थित रेस्टोरेंट में ऑर्डर लेने पहुंचा था।
आरोप है, कि वह निर्धारित रास्ते के बजाय दूसरे रास्ते से जा रहा था, जिस पर सिक्योरिटी गार्डों ने उसे रोक लिया। इस दौरान दोनों के बीच बहस हो गई और सिक्योरिटी गार्ड ने उसके साथ मारपीट शुरू कर दी। वीडियो में एक शख्स गार्ड को रोकने की कोशिश करता नजर आ रहा है, लेकिन गार्ड उसकी बात नहीं सुनता।
वायरल वीडियो में मारपीट करने वाला सिक्योरिटी गार्ड खुद को पूर्व सैनिक बता रहा है। मारपीट के बाद डिलीवरी बॉय बाइक पर बैठकर गार्ड से माफी मांगता है और वहां से चला जाता है। मामला संज्ञान में आने के बाद पुलिस ने सार्वजनिक स्थान पर मारपीट कर शांति व्यवस्था भंग करने वाले सिक्योरिटी गार्ड को गिरफ्तार कर लिया है।
एसएसपी दून के नेतृत्व में हुड़दंगियों पर नकेल कसती दून पुलिस
सार्वजनिक स्थान पर मारपीट कर शांति व्यवस्था भंग करने वाले अभियुक्त को पुलिस ने किया गिरफ्तार pic.twitter.com/NppzI2qfl2
— Dehradun Police Uttarakhand (@DehradunPolice) September 22, 2026
फिलहाल पीड़ित डिलीवरी बॉय की पहचान और घटना के संबंध में अन्य जानकारी अभी उपलब्ध नहीं है। वहीं वीडियो के सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद घटना को लेकर लोग तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं दे रहे है।
