हरिद्वार पुलिस ने किया ब्लाइंड मर्डर केस का खुलासा, (फोटो साभार : @haridwarpolice)
हरिद्वार पुलिस ने ब्लाइंड मर्डर केस का खुलासा कर दिया है। राजवीर हत्याकांड में शामिल पंकज कुमार और छोटेलाल को गिरफ्तार कर पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर वारदात में प्रयुक्त हथौड़ा और बाइक भी बरामद की है। बुधवार को रोशनाबाद पुलिस मुख्यालय में प्रेस वार्ता कर एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर ने राजवीर हत्याकांड का खुलासा किया।
एसएसपी हरिद्वार ने सिडकुल कर्मचारी राजवीर की हत्या का खुलासा करते हुए बताया, कि बीते सोमवार 27 अप्रैल की सुबह अत्मलपुर बोंगला गांव के पास खेतों से 50 वर्षीय राजवीर की लाश बरामद हुई थी। सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर शिनाख्त के लिए जिला अस्पताल की मोर्चरी में भिजवाया।
💔 मृतक की शादीशुदा पुत्री के प्यार में हुई हत्या, राजवीर हत्याकांड का खुलासा
🔍 ब्लाइंड मर्डर केस का पुलिस ने किया सफल राजफाश
🎙️ पत्रकार वार्ता में SSP नवनीत सिंह ने खोली पूरी घटना की परतें
❤️🔥 आरोपी मृतक की बेटी का तलाक कराकर उससे शादी करना चाहता था#murdercase #loveangle pic.twitter.com/77VffuY1c6
— Haridwar Police Uttarakhand (@haridwarpolice) April 29, 2026
मृतक राजवीर के बेटे प्रियांशु निवासी ग्राम रानानगंला, थाना स्योहारा, जिला बिजनौर की शिकायत पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया और बहादराबाद कोतवाली प्रभारी अमरजीत सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम का गठन किया। पुलिस टीम ने मौका-ए-वारदात पर फील्ड यूनिट टीम द्वारा जुटाए गए साक्ष्यों और डिजिटल एविडेंस के आधार पर अपनी जांच को आगे बढ़ाया।
जांच में सामने आया, कि कातिलों ने सिडकुल कर्मचारी राजवीर को शराब पिलाकर वारदात को अंजाम दिया गया था। इस बीच जांच में एक संदिग्ध मोबाइल नंबर सामने आया। तफ्तीश के दौरान संदिग्ध की लोकेशन कलियर रोड के पास लकी हॉस्पिटल के नजदीक मिली। इसके बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए संदिग्ध को पूछताछ के लिए उठा लिया।
संदिग्ध की पहचान 26 वर्षीय पंकज कुमार के रूप में हुई। पुलिस ने जब आरोपी से सख्ती से पूछताछ की, तो उसने अपना गुनाह कबूल कर लिया। आरोपी ने बताया, कि उसका मृतक राजवीर की बेटी से अफेयर चल रहा है और वो उससे शादी करना चाहता था, लेकिन प्रेमिका का पिता राजवीर उसकी राह में रोड़ा बन रहा था।
पुलिस के मुताबिक, पिता के डर के कारण प्रेमिका ने भी उसके साथ शादी करने से मना कर दिया। प्रेमिका के शादी से इंकार करने पर पंकज ने राजवीर को ठिकाने लगाने की योजना बनाई। राजवीर और आरोपियों की पहले से जान पहचान थी। दोनों सिडकुल की अलग-अलग कंपनियों में काम करते थे।
पंकज, राजवीर की बेटी से साल 2024 में एक समारोह में मिला था और तब से वो उससे प्यार करने लगा। पंकज ने प्रेमिका से पति से तलाक लेकर उससे शादी करने की बात कही थी। रविवार 26 अप्रैल की शाम को पंकज अपनी बाइक से अपने साथी छोटेलाल के साथ मिलकर राजवीर को बोंगला अंडरपास के पास एक पापुलर के खेत में ले गया।
पहले दोनों आरोपियों ने खेत में राजवीर को शराब पिलाई। नशा बढ़ने के बाद पंकज ने छोटेलाल के साथ मिलकर राजवीर के सिर में हथौड़ी से वार कर मौत के घाट उतार दिया और फरार हो गए।
एसएसपी हरिद्वार नवनीत सिंह भुल्लर ने कहा, कि आरोपी पंकज और राजवीर पहले से एक-दूसरे को जानते थे। वारदात वाले दिन पंकज अपने दोस्त छोटेलाल के साथ बहादराबाद के एक निजी अस्पताल में दवाई लेने आया था। इस दौरान उसकी राजवीर से मुलाकात हो गई। इसके बाद दोनों ने राजवीर को जान से मारने की योजना बनाई। तीनों ने पहले शराब खरीदी।
शराब के ठेके पर राजवीर के मोबाइल से ही ऑनलाइन पेमेंट की गई। राजवीर की हत्या को अंजाम देने के बाद दोनों आरोपी उसका मोबाइल और पर्स लेकर मौके से फरार हो गए। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर नहर पटरी मार्ग पर इंतजार कर रहे छोटेलाल को भी गिरफ्तार कर लिया। दोनों के कब्जे से राजवीर का मोबाइल और बाइक भी बरामद कर ली गई है।
