स्टंट करना पड़ा भारी, पुलिस ने सिखाया सबक, (फोटो साभार: X@DehradunPolice)
चलती स्कॉर्पियो के सनरूफ से बाहर निकलकर स्टंट करना एक युवक को बेहद महंगा पड़ गया। सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने मामले का संज्ञान लेते हुए वाहन चालक को चिन्हित कर हिरासत में ले लिया। पुलिस ने स्टंट के दौरान इस्तेमाल स्कॉर्पियो को भी मोटर वाहन अधिनियम के तहत सीज कर दिया।
पुलिस के अनुसार, सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में एक युवक चलती स्कॉर्पियो के सनरूफ से बाहर निकलकर हुड़दंग करता दिखाई दे रहा था। वीडियो में वाहन को तेजी और लापरवाही से चलाते हुए भी दिखाया गया था। इससे उसकी अपनी जान के साथ सड़क पर चल रहे अन्य लोगों की सुरक्षा भी खतरे में पड़ सकती थी।
एसएसपी दून की सख्ती हुडदंगियों पर पडी भारी
सार्वजनिक मार्ग पर वाहन के सनरूफ से बाहर निकलकर लापरवाही से वाहन चलाते हुए हुडदंग करने वाले 01 युवक को पुलिस ने लिया हिरासत में
सोशल मीडिया पर वाहन को तेजी व लापरवाही से चलाकर स्टंट करने का वीडियो हुआ था वायरल pic.twitter.com/DCumOioJfB
— Dehradun Police Uttarakhand (@DehradunPolice) September 14, 2026
वीडियो की जांच में पता चला, कि यह क्लेमेनटाउन क्षेत्र के सुभाष रोड का है। पुलिस ने वीडियो में दिखाई दे रहे वाहन के नंबर के आधार पर चालक की पहचान की। इसके बाद पुलिस ने उत्कर्ष (24) पुत्र राकेश करनवाल, निवासी कैपिटल हाइट्स, आईटीबीपी रोड, जीएमएस रोड, देहरादून को हिरासत में ले लिया।
पुलिस के मुताबिक, आरोपित के खिलाफ आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की गई। साथ ही स्टंट में इस्तेमाल स्कॉर्पियो वाहन को भी एमवी एक्ट के तहत सीज कर दिया। पुलिस ने कहा है, कि सार्वजनिक मार्ग पर इस तरह वाहन चलाकर स्टंट करने वालों के खिलाफ कार्रवाई जारी रहेगी।
