सांकेतिक चित्र
उधम सिंह नगर के रुद्रपुर में ऑनलाइन पेमेंट के नाम पर ठगी का मामला सामने आया है। आरोप है, कि सिडकुल औद्योगिक क्षेत्र में दो युवक नकदी की कमी का बहाना बनाकर राहगीरों से मदद मांग रहे थे और फर्जी ऑनलाइन पेमेंट दिखाकर रुपये ऐंठ लेते थे। सूचना पर पहुंची पुलिस दोनों युवकों को बाइक समेत अपने साथ ले गई।
बताया जा रहा है, कि दोनों संदिग्ध युवक यूपी नंबर की बाइक पर सवार होकर डाबर मोड़ पर पहुंचे थे। युवकों ने वहां मौजूद कुछ लोगों से संपर्क किया और खुद के पास नकदी नहीं होने की बात कहते हुए QR कोड के माध्यम से उनके बैंक खातों में ऑनलाइन भुगतान करने का भरोसा दिया।
युवकों के झांसे में आकर कुछ लोग इस लेनदेन के लिए तैयार हो गए। आरोप है, कि युवकों ने QR कोड के जरिए भुगतान करने का दावा करते हुए मोबाइल पर भुगतान का मैसेज भी दिखाया, जिसके आधार पर वे नकदी हासिल करने का प्रयास कर रहे थे। हालांकि, इसी दौरान एक व्यक्ति को युवकों की गतिविधियों पर शक हो गया।
जिसके बाद उसने तत्काल अपने बैंक खाते की जांच की तो उसमें भुगतान की गई रकम नहीं पहुंची थी। इसके बाद व्यक्ति को सारा माजरा समझ आ गया, कि उसके साथ फर्जी भुगतान का फ्रॉड किया जा रहा है। आरोप है, कि युवकों ने वास्तविक ट्रांजेक्शन किए बिना ही फर्जी तरीके से भुगतान का मैसेज दिखाया था।
मामले का खुलासा होते ही पीड़ित व्यक्ति ने अपने परिचितों और दोस्तों को मौके पर बुला लिया। इस दौरान स्थानीय लोगों ने दोनों युवकों को पकड़ लिया। देखते ही देखते मौके पर जमा भीड़ ने दोनों युवकों की जमकर पिटाई कर दी। घटना की सूचना तत्काल सिडकुल चौकी पुलिस को दी गई।
सूचना मिलते ही चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और किसी तरह स्थिति को संभालते हुए दोनों युवकों को उनकी बाइक समेत चौकी ले गई, जहां उनसे पूछताछ की जा रही है। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि दोनों युवक कितने लोगों को अपने झांसे में ले चुके हैं।
सिडकुल चौकी प्रभारी हेमंत कठैत के मुताबिक, पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। दोनों युवकों ने पूछताछ में लोगों से ठगी करने का जुर्म कबूल किया। इसके बाद सभी पीड़ितों को उनके ठगी के पैसे वापस दिलाए गए। पीड़ितों की ओर से तहरीर न मिलने के कारण दोनों युवकों का चालान कर छोड़ दिया है।
