आसियान शिखर सम्मेलन में PM मोदी का संबोधन, (फोटो साभार: X@narendramodi)
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंगलवार को फिलीपींस की राजधानी मनीला में आयोजित 23वें आसियान-भारत शिखर सम्मेलन को संबोधित करते हुए कहा, कि पिछले कुछ वर्षों में दुनिया ने लगातार कई संकटों का सामना किया है। आज दुनिया को सबसे ज्यादा शांति, स्थिरता और भरोसेमंद माहौल की जरूरत है।
पीएम मोदी ने कहा, ‘पिछले कुछ वर्षों में, हमारी ‘एक्ट ईस्ट पॉलिसी’ ने भारत-आसियान संबंधों को नई गति और गहराई दी है। हमारी साझेदारी अब साझा संस्कृति और विरासत से आगे बढ़कर डिजिटल, रक्षा और अंतरिक्ष जैसे क्षेत्रों में नए आयामों तक पहुँच गई है।
Sharing my remarks at the 23rd ASEAN-India Summit in Manila. https://t.co/XDyIFZ56N1
— Narendra Modi (@narendramodi) November 17, 2026
उन्होंने कहा “हमारे पास सामर्थ्य भी है और संकल्प भी जिससे हम आपसी भागीदारी को नई दिशा दे सकते हैं। हमारा मानना है कि भारत का विकास और आसियान की समृद्धि एक-दूसरे से गहराई से जुड़े हुए हैं। पिछले 12 वर्षों में हमने अपनी साझेदारी को नई गति दी है। अब हमें मिलकर अपने क्षेत्र के भविष्य के लिए नई दिशा तय करनी होगी।”
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, कि आसियान की एकता और इस साझेदारी में उसकी केंद्रीय भूमिका के प्रति भारत की प्रतिबद्धता अटूट है और आगे भी बनी रहेगी। मुझे विश्वास है कि आज की यह बैठक हमारी व्यापक रणनीतिक साझेदारी को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाएगी और एक सुरक्षित, समावेशी तथा समृद्ध हिंद-प्रशांत क्षेत्र के निर्माण में योगदान देगी।
पीएम मोदी ने कहा, कि वर्ष 2014 से अब तक लोगों के बीच संपर्क मजबूत करने के लिए 100 से अधिक पहल की गई हैं, करीब 250 क्विक इंपैक्ट प्रोजेक्ट शुरू किए गए हैं और कौशल विकास के लिए 10 हजार से अधिक छात्रवृत्तियां दी गई हैं। आज भारत और आसियान के नौ देशों के बीच सीधी उड़ानें और बढ़ता पर्यटन हमारे मजबूत संबंधों का प्रमाण हैं।
