सांकेतिक चित्र
उधम सिंह नगर जिले के रुद्रपुर में मोबाइल कारोबार की प्रतिस्पर्धा को लेकर शुरू हुए विवाद में शुक्रवार सुबह जगतपुरा निवासी मोबाइल शॉप स्वामी नितेश जोहरी की चाकू से हमला कर हत्या कर दी गई। वारदात को अंजाम देने के बाद हमलावर मौके से फरार हो गए।
जानकारी के अनुसार, 36 वर्षीय नितेश जोहरी पुत्र कमलेश जोहरी घर में ही मोबाइल की दुकान चलाते थे। बताया जा रहा है, कि करीब एक हफ्ते पहले उनका पड़ोस में मोबाइल की दुकान चलाने वाले व्यक्ति से विवाद हुआ था। उन्हें जान से मारने की धमकी भी दी गई थी। नितेश ने इसकी शिकायत पुलिस से करते हुए तहरीर भी दी थी।
इसी बीच शुक्रवार सुबह भी व्यावसायिक प्रतिस्पर्धा के चलते दोनों पक्षों के बीच विवाद हो गया। मामूली सी कहासुनी देखते ही देखते मारपीट में बदल गई। दो पक्षों की आमने-सामने की झड़प में चार लोग घायल हो गए। मारपीट के दौरान दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे भी तोड़ दिए गए।
हिंसक झड़प में दुकान पर काम करने वाले कशिश का सिर फट गया, जिसके बाद उसे उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया। इसी बीच दूसरे पक्ष के 10 से 12 लोग एकत्रित होकर जिला अस्पताल पहुंच गए। यहां इमरजेंसी गेट के पास दोनों पक्षों के बीच फिर से विवाद शुरू हो गया। देखते ही देखते विवाद ने हिंसक रूप ले लिया।
हमलावरों ने नितेश पर चाकुओं से हमला कर दिया। सीने में चाकू लगने से नितेश गंभीर रूप से घायल हो गए। घायल को बचाने और उपचार देने के प्रयास किए गए, लेकिन उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। वहीं अस्पताल के गेट पर हुई चाकूबाजी के बाद मरीजों और तीमारदारों के बीच हड़कंप मच गया।
हमले में नितेश का छोटा भाई दिनेश और कर्मचारी कमल भी घायल हो गए। शोर-शराबा होने पर हमलावर मौके से फरार हो गए। मौके पर पहुंची पुलिस ने घटनाक्रम की जानकारी जुटाई। नितेश अपने पीछे पत्नी पार्वती देवी और पुत्री लक्षिता को छोड़ गए हैं। घटना से परिवार में कोहराम मचा हुआ है।
एसपी सिटी प्रमोद कुमार ने बताया, कि हमले में शामिल लोगों के संबंध में जानकारी जुटाई जा रही है और फरार आरोपितों की तलाश में पुलिस दबिश दे रही है। मामले की गंभीरता को देखते हुए तीन थानों की पुलिस मौके पर तैनात की गई है। शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
