सांकेतिक चित्र, (फोटो साभार: freepik.com)
चमोली जिले में ममता को शर्मसार करने वाली घटना सामने आई है। दशोली विकासखंड के रांगतोली गांव में गुरुवार सुबह करीब साढ़े पांच बजे गोशाला जा रही एक महिला ने आम रास्ते के पास उफनते गधेरे में एक नवजात के संदिग्ध हालत में पड़ा होने की सूचना ग्राम प्रधान को दी।
गांव के प्रधान संतोष गुसांई ने बताया, कि जब वे मौके पर पहुंचे, तो नवजात पड़ा मिला। उसके मुंह में बोली को बांधने वाला रबड़ डाला गया था। जब उन्होंने मुंह से रबड़ निकाला तो नवजात की सांसें चल रही थी। जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। जानकारी मिलते ही प्रशासन ने नवजात को रेस्क्यू कर अस्पताल पहुंचाया।
वहीं इलाके में नवजात शिशु के लावारिस हालत में मिलने की खबर फैलते ही मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। स्थानीय ग्रामीणों का कहना है, कि नवजात को सुबह के समय ही कोई वहां छोड़कर गया होगा। घटना को लेकर क्षेत्र में विभिन्न प्रकार की चर्चाएं भी हो रही है, हालांकि पुलिस ने किसी भी संभावना की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।
चमोली पुलिस अधीक्षक सुरजीत सिंह पंवार ने बताया, गुरुवार सुबह स्थानीय ग्रामीणों ने एक नवजात शिशु को लावारिस हालत में देखा। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने नवजात को सुरक्षित जिला चिकित्सालय पहुंचाया। पुलिस मामले की हर पहलू से जांच कर रही है। यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है, कि नवजात को वहां कौन छोड़कर गया।
मुख्य चिकित्सा अधीक्षक, गोपेश्वर जिला चिकित्सालय, डॉ. अनुराग धानिक के मुताबिक, नवजात बेबी बॉय है। उसको हाइपोथर्मिया हो गया था। प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए नवजात को श्रीनगर अस्पताल रेफर किया गया है। फिलहाल नवजात की हालत स्थिर है।
