चंपावत पुलिस ने 2 नशा तस्करों को किया गिरफ्तार,(चित्र साभार: X@Champawatpolice)
नशा तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत चंपावत पुलिस ने एक और बड़ी सफलता हासिल की है। चंपावत पुलिस की एसओजी ने ‘ड्रग्स फ्री देवभूमि अभियान’ के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए लगभग ₹1 करोड़ कीमत की 306 ग्राम स्मैक/हेरोइन के साथ दो युवकों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस अधीक्षक चंपावत रेखा यादव के निर्देश पर जनपद में अवैध मादक पदार्थों के कारोबार के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में क्षेत्राधिकारी टनकपुर निहारिका सेमवाल और एसओजी प्रभारी कमलेश भट्ट के नेतृत्व में पुलिस टीम टनकपुर कोतवाली क्षेत्र के सैलानी गोठ, काला झाला गौशाला तिराहे के पास चेकिंग कर रही थी।
चेकिंग के दौरान मोटरसाइकिल (UP 26 AY 5188) पर सवार दो संदिग्ध युवकों को रोककर तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान आरोपितों के कब्जे से कुल 306 ग्राम स्मैक/हेरोइन बरामद हुई। पुलिस के मुताबिक, तलाशी के दौरान बरामद स्मैक की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत 1 करोड़ रुपए आंकी जा रही है।
पुलिस की गिरफ्त में आए नशा तस्करों की पहचान 25 वर्षीय गुरदीप सिंह पुत्र हरजिंदर सिंह और 22 वर्षीय सुनील सिंह पुत्र हरजिंदर सिंह, निवासी ग्राम बाजार घाट, चौकी कंबोज नगर, थाना हजारा, जनपद पीलीभीत उत्तर प्रदेश के रूप में हुई है। पुलिस द्वारा नशा तस्करों के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर नेटवर्क की गहन जांच जारी है।
पूछताछ में सामने आया है, आरोपितों ने यह स्मैक मनु सिंह पुत्र अर्जुन सिंह निवासी पीलीभीत से खरीदी थी और इसे भारत-नेपाल सीमा क्षेत्र में एक नेपाली व्यक्ति को बेचने के लिए ले जा रहे थे। पुलिस अब इस पूरे नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में जुट गई है।
पुलिस अधीक्षक चम्पावत रेखा यादव ने बताया, कि ड्रग्स फ्री देवभूमि अभियान के तहत बड़ी सफलता मिली है। चंपावत पुलिस की एसओजी टीम ने 306 ग्राम अवैध स्मैक/हेरोइन के साथ 2 नशा तस्करों को गिरफ्तार किया है। अभियुक्तों के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर नेटवर्क की गहन जांच जारी है।
🚨 ड्रग्स फ्री देवभूमि अभियान के तहत बड़ी सफलता
चम्पावत पुलिस की एसओजी टीम ने 306 ग्राम अवैध स्मैक/हेरोइन के साथ 02 नशा तस्करों को गिरफ्तार किया। अभियुक्तों के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर नेटवर्क की गहन जांच जारी है। pic.twitter.com/o08DCRS8rh— Champawat Police Uttarakhand (@Champawatpolice) July 29, 2026
गौरतलब है, पुलिस के गिरफ्त में आये स्मैक तस्करों में एक आरोपित सुनील सिंह एक माह की अग्निवीर ट्रेनिंग कर चुका है। आरोपित बीमारी का बहाना बनाकर घर आया हुआ था और जल्द अमीर बनने के लालच में अपने साथी गुरदीप के साथ स्मैक तस्करी के काम में लग गया।
