धर्मावाला टोल प्लाजा पर कर्मचारी से मारपीट,(फोटो साभार: X@ETVBharatUK)
जनपद देहरादून के विकासनगर क्षेत्र में कोतवाली सहसपुर अंतर्गत बल्लूपुर-दून-पांवटा साहिब स्थित शाहपुर-धर्मावाला स्टेट टोल प्लाजा पर हिमाचल नंबर की कार में सवार कुछ युवकों ने टोलकर्मी के साथ न सिर्फ गाली-गलौज की, बल्कि उसे बेहरमी से पीटकर लहुलुहान कर दिया। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
जानकारी के अनुसार, घटना बीते रविवार रात करीब दो से ढाई बजे के बीच की बताई जा रही है। आरोप है, फास्टैग से टोल टैक्स काटने पर कार सवार युवक भड़क उठे। आरोपितों ने टोल प्लाजा कर्मचारियों को धमकी देते हुए कहा, कि हम ऊंची पहुंच वाले लोग हैं। इसके बाद दोनों पक्षों में बहस शुरू हो गई और कुछ ही देर में विवाद हाथापाई में बदल गया।
चश्मदीदों के मुताबिक, कार में सवार लोग नशे की हालत में थे और उन्होंने अचानक टोल कर्मी पर हमला कर दिया। वायरल वीडियो में देखा जा सकता है, कि नशे में धुत युवक किस तरह टोल कर्मी पर टूट पड़े। आरोपियों ने गाली-गलौज करते हुए टोलकर्मी पर लात-घूंसे बरसाकर गंभीर रूप से घायल कर दिया।
देहरादून के विकासनगर स्थित धर्मावाला टोल प्लाज़ा पर जमकर बवाल। टोल कर्मचारियों और कार सवारों के बीच शुरू हुआ विवाद देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गया। वायरल वीडियो में टोल कर्मियों के साथ मारपीट होती दिखाई दे रही है।#dehradun #Vikasnagar #DharmawalaToll #TollPlaza #ViralVideo pic.twitter.com/ipwK1DkzHV
— NEWS PAGE (@UKNEWSPAGE) June 22, 2026
कोतवाली सहसपुर में निशांत कुमार पुत्र देवेंद्र कुमार निवासी ग्राम शाहपुर कल्याणपुर ने पुलिस को दी तहरीर में बताया, कि वह शाहपुर-धर्मावाला स्टेट टोल प्लाजा पर कार्यरत है। बीते रविवार देर रात हिमाचल नंबर की एक कार टोल प्लाजा पर रुकी। इस बीच ऑटोमेटिक फास्टैग रीडर से उनकी कार का टोल टैक्स कट गया।
इस बात पर कार में बैठे युवक भड़क उठे और उन्होंने टोल प्लाजा पर मौजूद कर्मियों के साथ गाली-गलौच करते हुए कहा, कि तुम्हारी इतनी हिम्मत कैसे हुई, कि तुमने हमारी गाड़ी का टोल टैक्स काट दिया। यह भी कहा, कि तुम्हें हमारी ऊंची पहुंच का अंदाजा नहीं है। इस दौरान टोल प्लाजा कर्मचारियों ने उन्हें समझाने की कोशिश भी की।
इस दौरान दो अज्ञात युवक गाड़ी से उतरे और पीड़ित की पिटाई करने लगे। इतने में आरोपितों में से एक युवक वहां रखी पोर्टेबल फास्टैग मशीन लेकर आया और पीड़ित के सिर पर कई वार किये। जिससे वह लहूलुहान होकर जमीन पर गिर पड़ा। इसके बाद भी आरोपित उसे लात-घूंसे मारते रहे। उन्होंने पीड़ित के कपड़े भी फाड़ दिए।
आरोप है, कि एक युवक ने कार चढ़ाकर मारने की धमकी भी दी और कहा, उसके खिलाफ पहले से ही 16 मुकदमे चल रहे है। टोलकर्मी से मारपीट करने के बाद सभी लोग अपनी गाड़ी में बैठकर वहां से फरार हो गए।
वहीं मारपीट की घटना का पुलिस ने संज्ञान लिया है। पुलिस वीडियो के आधार पर आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है। सहसपुर सीओ अनुज कुमार ने बताया, कि इस मामले में मुकदमा दर्ज हो चुका है और चौकी इंचार्ज के नेतृत्व में टीम का गठन किया गया है।
