सांकेतिक चित्र
आंध्र प्रदेश के काकीनाडा जिले से रिश्तों को शर्मसार करने वाली घटना सामने आई है। जहां एक कलयुगी बेटे ने फ्रिज से ठंडा पानी लाने में हुई देरी के कारण अपनी मां पर जानलेवा हमला कर दिया। इस हमले में गंभीर रूप से घायल मां ने अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। पुलिस ने इस संबंध में मामला दर्ज कर कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, काकीनाडा जिले के पिथापुरम मंडल के चित्रदा स्थित ईबीसी कॉलोनी की रहने वाली पेटा नागामणि (45) ने 9 जून की दोपहर अपने बेटे राजाबाबू को खाना परोसा था। भोजन करने के दौरान राजाबाबू ने अपनी मां से फ्रिज से ठंडा पानी लाकर देने को कहा, लेकिन नागामणि को फ्रिज से पानी लाने में देरी हो रही थी।
पानी लाने में हुई देर से गुस्साए राजाबाबू खुद तमतमाते हुए पानी लेने के लिए गया, लेकिन इस दौरान वो घर के दरवाजे की चौखट से टकरा गया, जिससे उसे हल्की चोट लग गई। चौखट से टकराकर चोटिल होने के बाद राजाबाबू अपना आपा खो बैठा।
पुलिस के अनुसार, इसी बीच उसकी मां पानी लेकर उसके पास पहुंची, तो बेटे ने पानी हाथ में लेते ही अपनी मां को दबोच लिया और उनका सिर पास ही बने पूजा घर के लकड़ी के चबूतरे पर पूरी ताकत से दे मारा। बताया जा रहा है, कि हमला इतना जोरदार था, कि नागामणि वहीं फर्श पर गिर पड़ी और उनके सिर से खून बहने लगा।
कुछ समय बाद जब नागामणि के पति त्रिमुर्थुलु और अन्य रिश्तेदार घर पहुंचे, तो उन्होंने खून से लथपथ नागामणि को तुरंत काकीनाडा के सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया। गंभीर रूप से घायल नागामणि का पिछले कई दिनों से अस्पताल में उपचार चल रहा था। जहां चिकित्सकों के तमाम प्रयासों के बावजूद बीते रविवार की सुबह उन्होंने दम तोड़ दिया।
