सांकेतिक चित्र
उत्तराखंड में मानसून के इंतजार के बीच बीते कुछ दिनों से मैदानी इलाकों में सूरज की तपिश बढ़ गई है। प्रचंड गर्मी चटख धूप और उमस के साथ अपने तीखे तेवर दिखा रही है। हालाँकि, आसमान से बरस रही आग के बीच मौसम विभाग की तरफ से एक अच्छी खबर आई है, कि सोमवार से लोगों को गर्मी से राहत मिलने के आसार है।
मौसम विज्ञान केंद्र देहरादून के पूर्वानुमान के अनुसार, “सोमवार 22 जून से 27 जून तक राज्य के 11 पर्वतीय जनपदों में बारिश की संभावना है। गढ़वाल मंडल स्थित उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग और चमोली जिले में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। जबकि कुमाऊं मंडल के बागेश्वर, पिथौरागढ़ और नैनीताल जिलों में हल्की से मध्यम बारिश होने के आसार है।
दिनांक 22.06.2026 को जारी उत्तराखंड राज्य हेतु मौसम पूर्वानुमान एवं चेतावनी pic.twitter.com/dJhYq8V7HE
— Meteorological Centre Dehradun (@mcdehradun) June 22, 2026
इसी क्रम में टिहरी, पौड़ी, देहरादून, अल्मोड़ा और चंपावत में कहीं-कहीं बहुत हल्की से हल्की बारिश होने के आसार है। जबकि दो मैदानी जिलों हरिद्वार और उधम सिंह नगर में बारिश नहीं होगी और मौसम शुष्क बना रहेगा। मौसम विभाग ने आज सोमवार और मंगलवार के लिए आठ जिलों में येलो अलर्ट जारी है।
मंगलवार 23 जून को उत्तराखंड के पहाड़ी जिलों उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ में कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश होगी। वहीं 24 जून को सभी पर्वतीय जिलों में कहीं-कहीं हल्की से मध्यम बारिश होगी। इस दौरान बादल भी गरजेंगे। 25, 26 और 27 जून को पर्वतीय जिलों में कहीं-कहीं हल्की से मध्यम बारिश होगी।
गौरतलब है, कि उत्तराखंड में मानसून की दस्तक से पहले मौसम लगातार करवट बदल रहा है। प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में बादलों की आवाजाही बनी हुई है, जबकि पर्वतीय क्षेत्रों में कहीं-कहीं तेज बौछारों का दौर जारी है। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है, कि 22 से 25 जून के बीच प्रदेश में मानसून के पहुंचने की उम्मीद है।
