(फोटो साभार: etvbharat)
मसूरी पुलिस ने ऑपरेशन प्रहार के तहत एक ऐसे युवक को दबोचा है, जो अपने पिता की पुलिस वर्दी और पी-कैप का इस्तेमाल कर टोल टैक्स और पार्किंग में अपना रौब दिखाकर फायदा उठाने का प्रयास कर रहा था। इस दौरान युवक नशे की हालत में वाहन चलाता भी मिला, जिसके बाद पुलिस ने वाहन सीज कर विधिक कार्रवाई की।
मसूरी कोतवाल देवेंद्र चौहान ने बताया, कि मसूरी पुलिस द्वारा यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए विशेष चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। इस दौरान लाइब्रेरी चौक पर एक वैगनआर कार संख्या यूपी-15-डीजेड-2906 आती दिखाई दी। पुलिस को कार के डैशबोर्ड पर रखी उत्तर प्रदेश पुलिस की पी-कैप और पीछे टंगी उपनिरीक्षक की वर्दी देखकर शक हुआ।
जिसके बाद पुलिस ने वाहन रोककर चालक से पूछताछ की, तो उसकी पहचान विनय सिंह निवासी मेरठ, उत्तर प्रदेश के रूप में हुई। जांच में वह नशे की हालत में वाहन चलाता पाया गया। कार में उसके तीन अन्य साथी भी सवार थे।
युवक ने बताया, कि उसके पिता यूपी पुलिस में उपनिरीक्षक हैं और टोल टैक्स, पार्किंग तथा अन्य जगहों पर पुलिसकर्मी होने का फायदा लेने के उद्देश्य से वह अपने साथ पुलिस वर्दी और पी-कैप लेकर चल रहा था। पुलिस द्वारा पकड़े जाने पर युवक ने माफी भी मांगी। हालांकि यातायात नियमों के उल्लंघन और शराब पीकर वाहन चलाने के मामले में पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर वाहन सीज कर दिया।
चेकिंग अभियान के दौरान पुलिस ने ब्लैक फिल्म लगी गाड़ियों के खिलाफ भी कार्रवाई की और मौके पर फिल्म उतरवाई। वहीं सड़क किनारे अवैध रूप से खड़े वाहनों के चालान किए गए तथा वाहन चालकों को निर्धारित पार्किंग स्थलों का उपयोग करने के निर्देश दिए गए। पुलिस अधिकारियों ने कहा, कि सड़क किनारे खड़े वाहन यातायात बाधित करने के साथ दुर्घटनाओं का कारण भी बनते हैं।
बता दें, कि मसूरी में पर्यटन सीजन शुरू होते ही यातायात व्यवस्था पूरी तरह चरमराने लगी है। पहाड़ों की रानी मसूरी में रोजाना सड़को पर लंबा जाम लग रहा है, जिससे स्थानीय लोगों, पर्यटकों और व्यापारियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। खासतौर पर गांधी चौक, स्प्रिंग रोड और मोतीलाल नेहरू मार्ग क्षेत्र में सड़क किनारे खड़े वाहन लोगों के लिए बड़ी समस्या बन चुके है।
