हैदराबाद में पीएम नरेंद्र मोदी ने ₹9400 करोड़ की परियोजनाओं का किया उद्घाटन और शिलान्यास (फोटो साभार: X-@PIBHindi)
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार (10 मई 2026) को तेलंगाना में लगभग ₹9400 करोड़ की विकास परियोजनाओं की आधारशिला रखी एवं उद्घाटन किया। इस दौरान मंच पर तेलंगाना के मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी भी उपस्थित रहे। इस अवसर पर पीएम मोदी ने कहा, “हैदराबाद का साइबराबाद देश के विकास में बहुत बड़ी भूमिका निभा रहा है। यहां कई बड़े प्रोजेक्ट्स पर काम चल रहा है।”
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, “साइबराबाद आज नौकरी देने वाला सबसे बड़ा केंद्र बन गया है। यह साइबर टेक्नोलॉजी, बिजली और इलेक्ट्रिक गाड़ी (EV) के क्षेत्र में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। मुझे वारंगल में ‘पीएम मित्र टेक्सटाइल पार्क’ की शुरुआत करते हुए बहुत खुशी हो रही है। यह देश के कपड़ा उद्योग के लिए बहुत जरुरी साबित होगा और इससे बड़ी संख्या में रोजगार के अवसर मिलेंगे।”
#WATCH | हैदराबाद, तेलंगाना: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हैदराबाद में कई विकास परियोजनाओं का लोकार्पण किया।
(सोर्स: DD न्यूज़) pic.twitter.com/2AUHjKPoTA
— ANI_HindiNews (@AHindinews) May 10, 2026
पीएम मोदी ने कहा, कि बीते 12 वर्षों में भारत सरकार की बड़ी प्राथमिकता आधुनिक कनेक्टविटी भी रही है, फिर चाहे सड़क हों, रेलवे हो, एयरपोर्ट्स हो, कनेक्टिविटी के हर मोड पर अभूतपूर्व निवेश किया जा रहा है। उन्होंने कहा, कि नेशनल हाईवे में ही लगभग 1.75 लाख करोड़ निवेश किए गए हैं और बीते 11 वर्षों में तेलंगाना में नेशनल हाइवे का नेटवर्क डबल हुआ है।
उन्होंने कहा, कि आंध प्रदेश से अलग होने से पहले इस क्षेत्र का रेलवे बजट ₹1000 करोड़ से भी कम था, लेकिन अब अकेले तेलंगाना का रेलवे बजट लगभग ₹5500 करोड़ है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बताया, कि राज्य में ₹50000 करोड़ की रेलवे परियोजनाएँ चल रही हैं।
उल्लेखनीय है, कि कार्यक्रम के दौरान पीएम मोदी और सीएम रेवंत रेड्डी के बीच दिलचस्प संवाद भी देखने को मिला। दरअसल, सीएम रेवंत रेड्डी ने पहले किसी कार्यक्रम में गुजरात मॉडल का जिक्र करते हुए कहा था, कि जैसे पूर्व पीएम मनमोहन सिंह की सरकार ने गुजरात में तत्कालीन सीएम नरेंद्र मोदी की मदद की थी, ठीक वैसे ही पीएम मोदी भी तेलंगाना के विकास में साथ दें।
अपने संबोधन के दौरान रेवंड रेड्डी के इस बयान का जिक्र करते हुए पीएम मोदी ने कहा, कि अगर मैं गुजरात वाला फॉर्मूला (तत्कालीन केंद्र की यूपीए सरकार के समय) लागू करूं, तो तेलंगाना को जो आज मिल रहा है वह भी आधा हो जाएगा।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हैदराबाद को ₹9400 करोड़ की कई विकास परियोजनाओं की सौगात दी। इनमें ₹3175 करोड़ की लागत से बनने जा रहे हैदराबाद-पणजी आर्थिक गलियारे पर गुडेबेलूर से महबूबनगर तक नेशनल हाईवे-167 के चार लेन की आधारशिला रखी।
संगारेड्डी जिले में ₹2,350 करोड़ में बनने जा रहे हैदराबाद-नागपुर औद्योगिक गलियारे (HNIC) के अंतर्गत विकसित किए जा रहे जहीराबाद औद्योगिक क्षेत्र की नींव रखी। इसके अलावा वारंगल में पीएम मित्र पार्क का उद्घाटन किया, जिसे काकतीय मेगा टेक्सटाइल पार्क के नाम से भी जाना जाता है और जिसे पीएम मित्र योजना के तहत विकसित किया गया है।
रिपोर्ट्स के अनुसार, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू और डिप्टी सीएम पवन कल्याण के जुबली हिल्स में स्थित घर गए। सबसे पहले, वे पवन कल्याण के घर पहुंचे और उनका हालचाल जाना। पवन कल्याण की हाल ही में साइनस की सर्जरी हुई थी। वे अभी आराम कर रहे हैं।
In Hyderabad, went to Andhra Pradesh Chief Minister Shri Chandrababu Naidu Garu’s residence and met him along with his family. It’s always a delight to meet them and exchange views on so many diverse topics.@ncbn pic.twitter.com/YyFqO9Hry7
— Narendra Modi (@narendramodi) May 10, 2026
इसके बाद पीएम मोदी मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू के आवास पर भी गए। सीएम चंद्रबाबू नायडू और मंत्री लोकेश ने प्रधानमंत्री का गर्मजोशी से स्वागत किया। प्रधानमंत्री मोदी वहां एक घंटे से ज्यादा समय तक रुके। इस अवसर उन्होंने आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री के साथ कई मुद्दों पर चर्चा की।
