सांकेतिक चित्र
उत्तराखंड के विभिन्न जिलों में LPG सिलेंडरों की किल्लत के बीच प्रशासन ने जमाखोरों और कालाबाजारी करने वालों के खिलाफ सख्त अभियान छेड़ दिया है। खाद्य, नागरिक आपूर्ति व उपभोक्ता विभाग ने LPG एवं ईंधन की उपलब्धता और वितरण व्यवस्था के दृष्टिगत राज्य में 280 जगहों का निरीक्षण किया। इस दौरान 74 सिलिंडर जब्त किए गए और चार प्राथमिकी दर्ज की गई है।
दरअसल, ईरान-अमेरिका-इजराइल युद्ध के कारण ईंधन की सप्लाई प्रभावित हुई है, हालांकि उत्तराखंड समेत पूरे देश भर में डोमेस्टिक गैस कनेक्शन धारकों को सिलेंडर की पर्याप्त मात्रा में सप्लाई हो रही है। ऐसे में राज्य के भीतर एलपीजी एवं ईंधन की उपलब्धता और वितरण व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए से खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले विभाग द्वारा अभियान चलाया जा रहा है।
आयुक्त खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता रुचि मोहन रयाल ने बताया, प्रदेश में 10 से 12 मार्च तक विभिन्न जिलों में निरीक्षण किया गया। कार्रवाई के दौरान एक कांटा (वजन माप उपकरण) और दो रिफिलिंग किट भी जब्त की गई हैं। अभियान के दौरान अवैध भंडारण और दुरुपयोग के मामलों में 74 गैस सिलेंडर जब्त किए गए है। इसके अलावा विभाग ने अनियमितताओं पर 4600 का अर्थदंड भी वसूला है।
वैश्विक परिस्थितियों के बीच उत्तराखण्ड सरकार सतर्क। खाद्य और एलपीजी आपूर्ति पर रखी जा रही है कड़ी निगरानी।#LPGSupply #EssentialCommodities#Uttarakhand #LPGCylinder pic.twitter.com/SWrDT1nhtT
— Uttarakhand DIPR (@DIPR_UK) March 13, 2026
आयुक्त ने कहा, कि राज्य सरकार उपभोक्ताओं को उचित मूल्य पर गैस एवं ईंधन उपलब्ध कराने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है और किसी भी प्रकार की कालाबाजारी, जमाखोरी या अवैध रिफिलिंग को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। ऐसे मामलों में संबंधित व्यक्तियों के विरुद्ध कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने आम जनता से अपील की है, कि यदि कहीं भी एलपीजी अथवा ईंधन से संबंधित अनियमितता, कालाबाजारी एवं अवैध रिफिलिंग की जानकारी मिले, तो इसकी सूचना तत्काल संबंधित अधिकारियों को दें। आयुक्त ने कहा, कि उपभोक्ताओं के हितों की रक्षा के लिए विभाग की ओर से आगे भी इसी तरह सघन जांच अभियान लगातार जारी रहेगा।
गौरतलब है, कि पश्चिम एशिया में इजरायल और अमेरिका के साथ ईरान की जंग से भारत में फ्यूल को लेकर संसद से सड़क तक हंगामा मचा हुआ है। हालांकि, सरकार ने कहा है, कि देश में गैस की कोई कमी नहीं है। बावजूद इसके जनता पैनिक की वजह से गैस भरवाने के लिए गैस एजेंसी पहुंच रहे हैं, जबकि वर्तमान समय में गैस की कोई किल्लत नहीं है।
इसी बीच गैस सिलेंडर का भंडारण, कालाबाजारी और अवैध रीफीलिंग के भी मामले बढ़ गए है। ऐसे में राज्य सरकार के निर्देश पर नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामलों ने प्रदेश घर में निरीक्षण और छापेमारी की कार्रवाई कर रही है। सरकार ने साफ कहा है, कि राज्य में घरेलू एलपीजी की कोई कमी नहीं है और नागरिकों को चिंता करने की जरूरत नहीं है।
