सांकेतिक चित्र
नैनीताल पुलिस ने ऑपरेशन प्रहार के तहत स्पा सेंटर की आड़ में चल रही संदिग्ध गतिविधियों पर बड़ी कार्रवाई की है। हल्द्वानी में एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट और स्थानीय पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए स्पा सेंटर की आड़ में चल रहे देह व्यापार का भंडाफोड़ किया है। छापेमारी के दौरान पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया, जबकि मुख्य संचालक फरार बताया जा रहा है।
जानकारी के अनुसार, हल्द्वानी के तिकोनिया क्षेत्र स्थित एक स्पा सेंटर पर एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट और पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए जिस्मफरोशी के धंधे का भंडाफोड़ किया है। बताया जा रहा है, कि पुलिस को स्थानीय निवासियों द्वारा एक लंबे वक्त से स्पा सेंटर में अनैतिक गतिविधियां संचालित होने की शिकायतें मिल रही थी।
शिकायतों का गंभीरता से संज्ञान लेते हुए पुलिस ने संबंधित स्पा सेंटर पर छापेमारी की कार्रवाई की। पुलिस जब स्पा सेंटर के अंदर दाखिल हुई, तो वहां अलग-अलग कमरों में युवक और युवतियां आपत्तिजनक स्थिति में मिले। मौके पर मौजूद महिलाओं ने पूछताछ में आरोप लगाया, कि उन्हें नौकरी और बेहतर कमाई का लालच देकर जबरन इस धंधे में धकेला गया था।
महिलाओं ने स्पा संचालक, मैनेजर और अन्य कर्मचारियों पर दबाव बनाकर देह व्यापार कराने के आरोप लगाए। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने स्पा की मैनेजर समेत चार लोगों को गिरफ्तार किया। वहीं स्पा का संचालक मौके से फरार मिला, जिसकी तलाश की जा रही है। पुलिस ने मौके से बड़ी संख्या में आपत्तिजनक सामान, नकद धनराशि तथा ग्राहकों की एंट्री से जुड़ा रजिस्टर बरामद किया है।
सभी बरामद सामग्री को सील कर साक्ष्य के रूप में कब्जे में लेने के बाद पुलिस ने स्पा सेंटर में मौजूद महिलाओं को रेस्क्यू कर उनकी काउंसलिंग कराई और उन्हें सुरक्षित स्थान पर भेज दिया। पुलिस के मुताबिक, रेस्क्यू की गई महिलाएं दिल्ली, नेपाल, यूपी समेत अन्य जगहों की रहने वाली हैं। आरोपियों के खिलाफ अनैतिक व्यापार निवारण अधिनियम की विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है।
सीओ सिटी अमित कुमार ने बताया, कि स्पा सेंटर में शिकायत के बाद छापेमारी की कार्रवाई की गई है। इस दौरान कुछ आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि 6 महिलाओं को रेस्क्यू किया गया है। मामले की गहन जांच की जा रही है। फरार आरोपी स्पा संचालक की गिरफ्तारी के लिए प्रयास किए जा रहे है।
