प्रतीकात्मक चित्र
उत्तराखंड में मौसम फिलहाल शुष्क बना हुआ है। पहाड़ से लेकर मैदान तक चटख धूप खिल रही है। जिसके चलते पारे में भी भारी वृद्धि दर्ज की जा रही है। हालांकि राज्य के पर्वतीय जिलों में शनिवार से फिर मौसम बदलने की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग ने अगले 24 घंटों के दौरान प्रदेश के कई पर्वतीय जिलों में हल्की बारिश की संभावना व्यक्त की है।
देहरादून स्थित मौसम विज्ञान केंद्र ने 25, 26 और 27 अप्रैल को राज्य के अधिकांश हिस्सों में हल्की बारिश का दौर जारी रहने की संभावना जताई है। जिससे मौसम सुहावना हो सकता है और मौसम में ठंडक बढ़ेगी। हालांकि इस दौरान उधम सिंह नगर और हरिद्वार जैसे मैदानी जिलों को छोड़कर बाकी इलाकों में ही बारिश होने की संभावना अधिक है।
दिनांक 24.04.2026 को उत्तराखंड राज्य के लिए जारी मौसम पूर्वानुमान एवं चेतावनी I pic.twitter.com/VRxWUgfnzm
— Meteorological Centre Dehradun (@mcdehradun) April 24, 2026
इसके अलावा 28 अप्रैल से मौसम में और अधिक बदलाव देखने को मिल सकता है। इस दिन से पर्वतीय जनपदों में बारिश की गतिविधियां तेज हो सकती हैं। विशेषकर ऊंचाई वाले क्षेत्रों में इसका ज्यादा असर देखने को मिलेगा। लगभग 4000 मीटर से अधिक ऊंचाई वाले इलाकों में हल्की बर्फबारी होने की संभावना जताई गई है।
गौरतलब है, कि सामान्य तौर पर मार्च के दूसरे पखवाड़े से अप्रैल के बीच पश्चिमी विक्षोभ कमजोर पड़ने लगते हैं, जिससे बारिश कम हो जाती है, लेकिन इस बार मौसम ने अलग रुख अपनाया और हालात सामान्य से अलग बने रहे। मार्च के मध्य से ही पश्चिमी विक्षोभ लगातार सक्रिय बने हुए हैं, जिससे पश्चिमी हिमालय में बार-बार बारिश, गरज-चमक और बर्फबारी देखने को मिली।
