PCB की नौटंकी पर ICC उठा सकता है सख्त कदम
T20 वर्ल्ड कप 2026 की शुरुआत से पहले पाकिस्तान ने नया विवाद खड़ा कर दिया है। दरअसल, पाकिस्तान की सरकार ने 15 फरवरी को होने वाले IND Vs PAK ग्रुप स्टेज मैच का बहिष्कार करने का फैसला किया है। वहीं अब ICC पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड की नौटंकी के खिलाफ सख्त रुख अपनाने की तैयारी कर रहा है।
सूत्रों के मुताबिक, अगर पाकिस्तान ने अगले 48 घंटों में अपना फैसला नहीं बदला, तो ICC उसके खिलाफ सस्पेंशन समेत बड़े प्रतिबंध लगाए जाने की कार्रवाई कर सकता है। वहीं पाक टीम के कप्तान सलमान अली आगा ने कहा, कि भारत के खिलाफ मैच न खेलने का फैसला पूरी तरह सरकार का निर्णय है और खिलाड़ी PCB व सरकार के निर्देशों का पालन करेंगे।
दरअसल, हाल ही में भारत ने पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड द्वारा होस्ट एशिया कप में अपनी उपस्थिति दर्ज कराई थी। भारत ने वैश्विक क्रिकेट पर कोई असर न पड़े, इसलिए एशिया कप की मेजबानी स्वीकार की, लेकिन टी-20 वर्ल्ड कप से पहले पाकिस्तान ने भारत के खिलाफ मैच को खेलने से ही मना कर दिया है। पाक के इस रैवये से ICC बेहद नाराज है।
पाकिस्तान के इस फैसले को ICC द्वारा अनुबंध का उल्लंघन माना जा रहा है, क्योंकि PCB ने न्यूट्रल वेन्यू पर मैच खेलने का समझौता भी किया था। ऐसे में पाकिस्तान को टूर्नामेंट से प्रतिबंध, ICC के वार्षिक राजस्व पर रोक और प्रसारण साझेदार जियो-स्टार को हुए नुकसान की भरपाई जैसे कदमों का सामना करना पड़ सकता है।
इसके अलावा द्विपक्षीय सीरीज, वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप अंक और ICC रैंकिंग पर भी असर पड़ने की आशंका है। यहाँ तक, कि विदेशी खिलाड़ियों को पाकिस्तान लीग में खेलने से रोका जा सकता है। वहीं, बताया जा रहा है, भारतीय टीम ICC प्रोटोकॉल के तहत निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार श्रीलंका जाएगी।

