SDRF ने नदी की उफनती धाराओं के बीच दो को बचाया, (फोटो साभार:X@uttarakhandcops)
उत्तराखंड में जारी भारी बारिश के बीच ऋषिकेश में सोमवार रात बीन नदी में एक मैक्स वाहन पलट गया। घटना की सूचना पर मौके पर पहुंचे SDRF के जवानों ने तेज बहाव के बीच लगभग एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद वाहन में फंसे दोनों लोगों को सकुशल बाहर निकाला।
जानकारी के मुताबिक, पुलिस चौकी पशुलोक बैराज को सोमवार रात करीब 9:00 बजे सूचना मिली, कि बीन नदी में एक मैक्स वाहन अनियंत्रित होकर पलट गया है और उसमें कुछ लोग फंसे हुए हैं। सूचना का तत्काल संज्ञान लेते हुए ढालवाला पोस्ट से अपर उपनिरीक्षक महावीर चौहान के नेतृत्व में SDRF रेस्क्यू टीम तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना हुई।
घटनास्थल पर पहुंचते ही SDRF जवानों ने बिना समय गंवाए रेस्क्यू अभियान शुरू किया। तेज बहाव और अंधेरे के बीच टीम ने अत्यंत चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में उफनती नदी में प्रवेश किया। इस दौरान एक व्यक्ति वाहन के पास दिखाई दिया। टीम ने तत्परता दिखाते हुए उसे सुरक्षित नदी से बाहर निकाला।
उफनती बीन नदी में पलटा वाहन… और देवदूत बनी SDRF!
ऋषिकेश की उफनती बीन नदी में पलटे वाहन में फंसे 02 लोगों का #UttarakhandPolice SDRF ने विकट परिस्थितियों और तेज बहाव के बीच अदम्य साहस दिखाते हुए रस्सियों के सहारे रेस्क्यू कर सकुशल बाहर निकाला!#Rescue @uksdrf pic.twitter.com/ww0Soguamy
— Uttarakhand Police (@uttarakhandcops) August 18, 2026
इसके बाद SDRF की टीम ने दूसरे व्यक्ति की तलाश शुरू की। वह व्यक्ति वाहन के अंदर बुरी तरह फंसा हुआ था। तेज बहाव और अंधेरे के बीच बचाव अभियान बेहद चुनौतीपूर्ण था।
एसडीआरएफ के जवानों ने उफनती नदी की धार को चीरकर वाहन तक पहुंच बनाई। यह कार्य बहुत जोखिम भरा था। लगातार बढ़े हुए जलस्तर और नदी के तेज बहाव ने राहत एवं बचाव कार्य को बेहद मुश्किल बना दिया था। पानी के तेज बहाव के कारण वाहन भी अपनी जगह से खिसककर कुछ दूरी तक नीचे चला गया था।
SDRF टीम ने जोखिम भरी परिस्थितियों के बीच वाहन तक पहुंच बनाई और उसमें फंसे दूसरे व्यक्ति को भी सुरक्षित बाहर निकालने में सफलता हासिल की। लगातार बढ़ते नदी के बहाव के बीच SDRF जवानों की तत्परता और साहस के चलते वाहन में फंसे दोनों लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।
रेस्क्यू के बाद दोनों व्यक्तियों को उपचार के लिए अस्पताल भेज दिया गया। रात के अंधेरे, तेज बहाव और बहते वाहन के बीच SDRF की दोनों टीमों ने जिस तेजी और समन्वय के साथ ऑपरेशन को अंजाम दिया, उससे एक बड़ा हादसा टल गया।
