सांकेतिक चित्र
रुड़की में कलियर रोड पर शुक्रवार रात तेज रफ्तार बाइकों की आमने-सामने की भिड़ंत में तीन युवकों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि छह युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार और अफरा-तफरी मच गई। सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया है।
जानकारी के अनुसार, हादसा शुक्रवार रात करीब करीब साढ़े दस बजे हुआ। घटना की सूचना पर कलियर कोतवाली और सिविल लाइन पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को एंबुलेंस के जरिए रुड़की सिविल अस्पताल पहुंचाया और शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी में रखवा दिया।
बताया जा रहा है, कि हादसा उस समय हुआ जब चार मोटरसाइकिलें कांवड़ पटरी से गुजर रही थी। इस दौरान पहले दो बाइक आमने-सामने टकराईं और फिर पीछे से आ रही दो बाइक भी उनसे भिड़ गईं। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, चारों बाइकों की भिड़ंत इतनी जबरदस्त थी, कि टक्कर की आवाज दूर तक सुनाई दी।
एसपी देहात शेखर चंद्र सुयाल के मुताबिक, प्रारंभिक जांच के अनुसार चारों मोटरसाइकिलों की भिड़ंत आमने-सामने हुई है। हादसा किस वजह से हुआ, इसकी जांच की जा रही है। पुलिस घटनास्थल का निरीक्षण करने के साथ ही हादसे से जुड़े तथ्यों की जानकारी जुटा रही है।
सड़क हादसे में मृतकों की पहचान 18 वर्षीय अयान पुत्र शहजाद निवासी बिजौली कोतवाली मंगलौर, राजू (24) पुत्र कदम सिंह, और राजीव (18) पुत्र मोलाड सिंह निवासी रहमतपुर कोतवाली पिरान कलियर हुई है। वहीं हादसे में घायल आदित्य चंद्रा (25) पुत्र सुरेंद्र निवासी खंजरपुर, गंभीर रूप से घायल हैं, जिसे एम्स हॉस्पिटल के लिए रेफर किया गया है।
