बेटे को बचाने की कोशिश में माँ-बाप ने भी गंवाई जान, (फोटो साभार: सोशल मीडिया)
महाराष्ट्र के छत्रपति संभाजीनगर से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां एक युवक ने परिजनों से हुए विवाद के बाद पहाड़ी से छलांग लगा दी। इस दौरान बेटे को बचाने के प्रयास में पिता भी नीचे गिर गए। बेटे-पति को अपनी आंखों के सामने मरता देख मां ने भी सैकड़ों फीट गहरी खाई से छलांग लगा दी।
यह घटना तीसगांव इलाके में स्थित प्रसिद्ध खवड्या पहाड़ पर की है। मृतकों की पहचान कुणाल चांदगुडे (18 वर्ष), पिता मुरलीधर चांदगुडे (48 वर्ष) और मां संगीता (42 वर्ष) के रूप में हुई है। वालूज पुलिस ने तीनों की मौत की पुष्टि की है। इस खौफनाक हादसे का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
A family dispute over an iPhone ended in tragedy in Maharashtra’s Chhatrapati Sambhajinagar. Reports say 18-year-old Kunal Chandgude went to a hill after an argument with his parents over a phone. pic.twitter.com/2UAQou2Iec
— The Rock (@therockjk002) August 22, 2026
गांव के पूर्व सरपंच ने बताया, कि कुणाल सुबह 10 बजे से पहाड़ की ऊंची चट्टान पर खड़ा था। वह डिप्रेशन में लग रहा था और बार-बार अपनी जगह बदल रहा था। उसकी मां लगातार रोते हुए बेटे से नीचे आने की विनती कर रही थी, लेकिन लड़का सिर्फ यही कह रहा था, “नहीं-नहीं, मुझे मरना ही है।”
पूर्व सरपंच ने उसे समझाते हुए कहा, कि तुम पढ़े-लिखे हो, ऐसा कदम मत उठाओ, लेकिन कुणाल पर कोई असर नहीं हुआ। लगभग तीन घंटे तक गांव वाले और माता-पिता उसे समझाने का प्रयास करते रहे। उन्होंने उससे अपने भविष्य के बारे में सोचने के लिए कहा, लेकिन वह अपनी जान देने पर अड़ा रहा।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, जैसे-जैसे किशोर पहाड़ी के किनारे की ओर बढ़ता गया, पिता ने उसे किनारे से दूर हटने के लिए कहा। दोपहर करीब 1 बजे, उन्होंने अपने बेटे को पकड़ने की कोशिश की, लेकिन दोनों का संतुलन बिगड़ गया और वे पहाड़ी से नीचे गिर गए। कुछ ही पल बाद घबराई हुई मां ने भी तुरंत पहाड़ी से छलांग लगा दी।
पुलिस निरीक्षक रामेश्वर गाढ़े ने कहा, “शुक्रवार सुबह करीब 11:00 बजे सूचना मिली थी, कि कुणाल छांगुड़े नाम का युवक तिसगांव में खवड्या डोंगर पर चढ़ गया है। पुलिस और दमकल कर्मी तुरंत मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों की मदद से उसे समझाने की कोशिश की, जबकि दमकल कर्मियों ने नीचे जाल बिछाया।
पुलिस निरीक्षक के अनुसार, जैसे ही पिता ने कुणाल को पकड़ने की कोशिश की, कुणाल ने नीचे छलांग लगा दी और इस प्रयास में उसके पिता भी पहाड़ी से गिर गए। इस दौरान मौके पर मौजूद मां संगीता यह खौफनाक मंजर बर्दाश्त नहीं कर सकीं और उन्होंने भी तुरंत पीछे से छलांग लगा दी, जिससे तीनों की मौके पर ही मौत हो गई।
पुलिस के मुताबिक, दमकल कर्मियों ने युवक को बचाने के लिए पहाड़ी के नीचे सुरक्षा जाल लगाया था, लेकिन कुणाल लगातार अपनी जगह बदल रहा था। जाल को बार-बार दूसरी जगह शिफ्ट भी किया गया, लेकिन सटीक लोकेशन का अंदाजा न लग पाने के कारण प्रयास असफल रहा। तीनों अलग-अलग जगहों पर गिरे और उनकी जान चली गई।
इस पूरे घटनाक्रम ने मौके पर मौजूद पुलिस, अग्निशमन दल के कर्मचारियों और गांव के लोगों को गहरे सदमे में डाल दिया। जिस जगह पर घंटों तक परिवार और गांव के लोग युवक को समझाने की कोशिश कर रहे थे, वहां कुछ ही समय बाद मातम का माहौल हो गया। पुलिस ने अग्रिम कार्रवाई के लिए परिवार के अन्य सदस्यों से संपर्क किया है।
