कोटद्वार में गुलदार ट्रेंकुलाइज कर पकड़ा गया
कोटद्वार के कोटड़ीढांग क्षेत्र में महिला को निवाला बनाये जाने की घटना के बाद वन विभाग की टीम ने मंगलवार देर रात हमलावर गुलदार को ट्रैंक्विलाइज कर पकड़ लिया है। गुलदार के पकड़े जाने से ग्रामीणों ने राहत की सांस ली है। हालांकि, पकड़ा गया गुलदार हमला करने वाला है या नहीं, इसकी पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।
जानकारी के अनुसार, बीते सोमवार को कोटद्वार के सनेह क्षेत्र के कोटड़ीढांग में गुलदार के हमले में कविता कोठियाल की दर्दनाक मौत हो गई थी। घटना उस समय हुई जब कविता अपनी चार अन्य साथियों के साथ जंगल में घास लेने के लिए गई थी। इसी दौरान घात लगाकर बैठे गुलदार ने उन पर हमला कर दिया।
घटना के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने सनेह मार्ग पर शव रखकर कई घंटों तक जाम लगाया और गुलदार को पकड़ने की मांग की। मौके पर पहुंचीं विधानसभा अध्यक्ष ऋतु खंडूड़ी ने ग्रामीणों की मांग पर वन विभाग को गुलदार को आदमखोर घोषित करने, पहले उसे ट्रैंक्विलाइज कर पकड़ने और अंतिम विकल्प के रूप में मारने के निर्देश दिए थे।
महिला को गुलदार द्वारा निवाला बनाये जाने की घटना के बाद वन विभाग ने तत्काल क्षेत्र में पिंजरा लगाने के साथ ही टीम गठित कर गश्त शुरू की। मंगलवार देर रात घटनास्थल के आसपास घूम रहे एक बड़े गुलदार को वन विभाग की टीम ने ट्रैंक्विलाइज कर सफलतापूर्वक पकड़ लिया। गुलदार को वन विभाग की टीम रेस्क्यू सेंटर ले गई है, जहां उसका स्वास्थ्य परीक्षण और अन्य जांच की जाएंगी।
विधानसभा अध्यक्ष ऋतु खंडूड़ी ने भी अपने सोशल मीडिया के माध्यम से गुलदार को पकड़े जाने की जानकारी साझा की है। उन्होंने बताया, “कल के घटनास्थल के पास ही घूम रहे एक बड़े गुलदार को अभी-अभी वन विभाग की टीम द्वारा ट्रैंक्विलाइज कर सफलतापूर्वक पकड़ लिया गया है। इस त्वरित कार्रवाई के लिए वन विभाग का आभार।”
डीएफओ तरुण एस. ने इसकी पुष्टि करते हुए बताया, कि हमलावर गुलदार को घटनास्थल से करीब 20 मीटर की दूरी पर टीम ने ट्रैंकुलाइज करने में सफलता हासिल की है। गुलदार की मूवमेंट नजर आने पर टीम अलर्ट हो गई थी। गुलदार की उम्र तीन से चार साल के बीच है। वह नर गुलदार है। जांच रिपोर्ट के आधार पर वन विभाग आगे की कार्रवाई करेगा।
