सीएम धामी ने किया गौचर मेले का उद्घाटन
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने आज चमोली जनपद के गौचर में 74वें राजकीय औद्योगिक विकास एवं सांस्कृतिक सात दिवसीय गौचर मेले का विधिवत पूजा-अर्चना और दीप प्रज्ज्वलित कर शुभारंभ किया। गौचर पहुंचने पर सीएम धामी का बैंड की मधुर धुनों, पुष्पमालाओं एवं पारंपरिक तरीके से भव्य स्वागत और अभिनंदन किया गया।
सीएम धामी ने सर्वप्रथम मेले के संस्थापक स्वर्गीय गोविन्द प्रसाद नौटियाल की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धासुमन अर्पित किए। इस अवसर पर स्थानीय विद्यालयों की छात्राओं ने आकर्षक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर कार्यक्रम में लोक संस्कृति के विविध रंग बिखेरे। जिलाधिकारी गौरव कुमार ने मुख्यमंत्री को गौचर मेले का शुभंकर भेंट कर उनका स्वागत किया।
मेले का शुभारंभ करते हुए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा, कि गौचर मेला केवल एक आयोजन नहीं, बल्कि उत्तराखंड की ऐतिहासिक विरासत, समृद्ध व्यापारिक परंपरा और विशिष्ट सांस्कृतिक पहचान का जीवंत प्रतीक है। वर्ष 1943 में स्थानीय व्यापारियों, समाजसेवियों और तत्कालीन प्रशासन के सहयोग से भोटिया व्यापार मेले के रूप में इसकी शुरुआत हुई थी।
चमोली में 74वें राजकीय औद्योगिक विकास एवं सांस्कृतिक गौचर मेले-2026 का शुभारंभ कर देवतुल्य जनता को संबोधित किया। इस अवसर पर गौचर एवं आसपास के क्षेत्रों के समग्र विकास हेतु महत्वपूर्ण घोषणाएं भी की।
गौचर मेला हमारी समृद्ध लोकसंस्कृति, पारंपरिक विरासत, लोककला और स्थानीय उत्पादों का जीवंत उत्सव है। यह मेला स्थानीय कारीगरों, शिल्पकारों, उद्यमियों एवं उत्पादकों को अपने हुनर और उत्पादों को व्यापक पहचान दिलाने का अवसर प्रदान करता है। साथ ही, यह आदरणीय प्रधानमंत्री श्री @narendramodi जी के ‘वोकल फॉर लोकल’ के आह्वान को धरातल पर उतारने का एक सशक्त मंच भी है।
— Pushkar Singh Dhami (@pushkardhami) November 14, 2026
उन्होंने कहा, कि उस समय गौचर भारत-तिब्बत व्यापार का एक महत्वपूर्ण केंद्र था, जहां ऊन, पश्मीना, जड़ी-बूटियों सहित विभिन्न स्थानीय उत्पादों का व्यापार होता था। समय के साथ इस मेले ने अपने स्वरूप का विस्तार किया और आज यह औद्योगिक एवं सांस्कृतिक मेले के रूप में प्रदेश ही नहीं, बल्कि देशभर में अपनी विशिष्ट पहचान बना चुका है।
सीएम धामी ने कहा, कि गौचर मेला स्थानीय व्यापारियों, कारीगरों, छोटे उद्यमियों और स्वयं सहायता समूहों को अपने उत्पादों के प्रदर्शन एवं विपणन का महत्वपूर्ण मंच उपलब्ध कराता है। यह मेला प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘वोकल फॉर लोकल’ के संकल्प को धरातल पर उतारने का सशक्त माध्यम है।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा, कि मेले हमारी लोक संस्कृति, लोक कला और पारंपरिक विरासत को संरक्षित करने के साथ ही समाज को आपस में जोड़ने का कार्य करते हैं। पीढ़ियों से चली आ रही इन परंपराओं को सहेजना और आने वाली पीढ़ियों तक पहुंचाना हम सभी का साझा दायित्व है।
सीएम धामी ने चमोली जनपद की महत्ता का उल्लेख करते हुए कहा, कि यह भगवान बद्री विशाल की तपस्थली, मां नंदा का मायका और विश्वविख्यात चिपको आंदोलन की जन्मभूमि है। यहां की वीर भूमि ने देश की सीमाओं की रक्षा के लिए अनेक वीर सपूत दिए हैं, जिन्होंने राष्ट्र की सुरक्षा के लिए अपना सर्वोच्च बलिदान दिया।
उन्होंने कहा, कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में सीमांत गांवों को देश के अंतिम गांव के बजाय प्रथम गांव के रूप में विकसित करने की दिशा में निरंतर कार्य किया जा रहा है। सीमांत क्षेत्रों का विकास, वहां आधारभूत सुविधाओं का विस्तार और स्थानीय लोगों के जीवन स्तर में सुधार सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है।
मुख्यमंत्री ने कहा, कि प्रदेश सरकार का प्रयास है कि युवाओं को अपने ही गांव और क्षेत्र में रोजगार एवं स्वरोजगार के पर्याप्त अवसर मिले। कृषि, बागवानी, पशुपालन, पर्यटन और हस्तशिल्प जैसी गतिविधियों के माध्यम से उनकी आय में वृद्धि हो, ताकि उन्हें रोजगार के लिए मजबूरी में अपने घर और गांव से पलायन न करना पड़े।
सीएम धामी ने कहा, इसी उद्देश्य से राज्य सरकार पर्यटन नीति, होम स्टे नीति, फिल्म नीति और सौर स्वरोजगार योजना सहित विभिन्न रोजगारपरक योजनाओं को प्रभावी ढंग से आगे बढ़ा रही है।
LIVE: चमोली में आयोजित 74वां राजकीय औद्योगिक विकास एवं सांस्कृतिक गौचर मेला-2026 https://t.co/wJ3TOxDjHM
— Pushkar Singh Dhami (@pushkardhami) November 14, 2026
उन्होंने कहा, कि चमोली का ऊनी हस्तशिल्प, यहां की दालें, राजमा, मंडुवा, झंगोरा, शहद और जड़ी-बूटियां केवल स्थानीय बाजारों तक सीमित न रहें, बल्कि देश-दुनिया के बड़े बाजारों तक पहुंचें, इसके लिए ‘हाउस ऑफ हिमालयाज’ ब्रांड की शुरुआत की गई है। इस ब्रांड का कारोबार अब तक छह करोड़ रुपये का आंकड़ा पार कर चुका है।
मुख्यमंत्री ने कहा, कि यह उपलब्धि केवल कारोबार का आंकड़ा नहीं, बल्कि प्रदेश की मातृशक्ति की मेहनत, आत्मविश्वास और आर्थिक आत्मनिर्भरता की प्रेरक कहानी है। प्रदेश सरकार चमोली जनपद के सर्वांगीण विकास के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है। चारधाम सड़क परियोजना के माध्यम से श्री बदरीनाथ धाम तक सड़क संपर्क को बेहतर बनाया जा रहा है।
वहीं, ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल परियोजना पर भी तेजी से कार्य चल रहा है। इस परियोजना के पूर्ण होने से पूरे क्षेत्र की कनेक्टिविटी, पर्यटन गतिविधियों और स्थानीय आर्थिकी को नई गति मिलेगी। उन्होंने कहा, कि आधारभूत सुविधाओं का विस्तार करते हुए प्रदेश के दूरस्थ एवं सीमांत क्षेत्रों को विकास की मुख्यधारा से जोड़ना सरकार का संकल्प है।
