जंगली हाथी टकराया बुलेट सवार युवक से, (फोटो साभार: सोशल मीडिया)
देहरादून स्थित जौलीग्रांट एयरपोर्ट रोड पर बुधवार देर रात एक हाथी ने बुलेट सवार युवक पर हमला कर दिया। इस दौरान युवक सड़क पर गिर पड़ा। इसके बाद हाथी युवक के ऊपर से पैर रखकर आगे बढ़ गया। गनीमत रही, कि बेहद खतरनाक हालातों के बावजूद किस्मत से युवक की जान बच गई।
सोशल मीडिया पर घटना का वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में नजर आ रहा है, कि सड़क पर बुलेट सवार युवक हाथी की चपेट में आने के बाद गिर पड़ा। इसके बाद हाथी युवक के ऊपर पैर रखकर आगे बढ़ गया और सड़क किनारे लगी रेलिंग तोड़ते हुए जंगल की ओर चला गया।
वीडियो देखकर अंदाजा लगाया जा सकता है, कि कुछ पल के अंतर से युवक की जान पर बन आई थी। हाथी के इतने करीब आने और उसके ऊपर से गुजरने के बावजूद युवक का बच जाना किसी चमत्कार से कम नहीं है।
देहरादून: जॉलीग्रांट एयरपोर्ट के पास हाथी ने बुलेट सवार युवक पर हमला किया, राहगीरों के शोर मचाने पर जंगल भागा। https://t.co/vO91lgAXrC
— Arjun Chaudharyy (@Arjun5chaudhary) November 12, 2026
उल्लेखनीय है, कि एयरपोर्ट रोड पर हाथियों की आवाजाही के बीच इस घटना ने वन्यजीवों के रास्तों से गुजरने वाले वाहन चालकों की सुरक्षा को लेकर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। यह घटना उत्तराखंड में तेजी से बढ़ रहे मानव-वन्यजीव संघर्ष की गंभीर स्थिति को दर्शाती है।
देहरादून-हरिद्वार हाईवे और एयरपोर्ट रोड जैसे प्रमुख मार्ग राजाजी नेशनल पार्क और आसपास के वनों के पारंपरिक ‘हाथी कॉरिडोर’ से होकर गुजरते है। वहीं रात के समय तेज रोशनी, वाहनों का शोर और आसपास इंसानी बस्तियों व ढाबों के विस्तार से जंगली जानवर असहज महसूस करते हैं और कई बार आक्रामक हो जाते हैं।
