ट्रंप ने व्हाइट हाउस में मनाई दीवाली, (फोटो साभार: (X@vishalgondal)
अमेरिका के व्हाइट हाउस में भी दीवाली का जश्न देखने को मिला। राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने शुक्रवार को ओवल ऑफिस में भारतीय मूल के प्रमुख कारोबारियों, उद्यमियों और अपने प्रशासन के अधिकारियों के साथ दिवाली मनाई। समारोह में माइक्रोन टेक्नोलॉजी के सीईओ संजय मेहरोत्रा समेत कई प्रमुख हस्तियां शामिल हुईं।
समारोह की शुरुआत राष्ट्रपति ट्रंप के दीया जलाने के साथ हुई। इस दौरान अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो और सोशल सिक्योरिटी एडमिनिस्ट्रेशन के डिप्टी कमिश्नर अर्जुन मोदी भी शामिल हुए। इस अवसर पर भारतीयों ने राष्ट्रपति ट्रंप को हनुमान चालीसा की एक प्रति भेंट की।
दिवाली के अवसर पर ओवल ऑफिस में पारंपरिक तरीके से दीये भी जलाए गए। जीओक्यूआईआई टेक्नोलॉजीज के संस्थापक और सीईओ विशाल गोंडल ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर समारोह की तस्वीरें साझा करते हुए अपनी पोस्ट में लिखा, “ओवल ऑफिस में रोशनी का साझा पल …”
A moment of shared light in the Oval Office. 🪔
Honored to celebrate Diwali with President @realDonaldTrump and proud to gift him with a copy of the Hanuman Chalisa, Tulsidas’s hymn to Lord Hanuman that millions of us recite for courage, devotion and strength.
As the diyas were lit, my prayer was for friendship between India and America, and for the triumph of light over darkness.
Jug Jug Jiyo, a blessing many of us grew up hearing, means “may you live for ages.” It is the wish behind everything I do, and today I made it for everyone around the world: peace, prosperity, good health and longevity.
Happy Diwali. Jug Jug Jiyo. 🙏
@TheVikasKhanna @DhallaRuby @WhiteHouse
— Vishal Gondal (@vishalgondal) November 6, 2026
हेल्थ-टेक कंपनी GOQii के संस्थापक विशाल गोंडल ने लिखा, “राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के साथ दिवाली मनाना सम्मान की बात है। मुझे उन्हें हनुमान चालीसा की एक प्रति भेंट करने पर गर्व है। यह तुलसीदास की भगवान हनुमान को समर्पित स्तुति है, जिसका पाठ हममें से लाखों लोग साहस, भक्ति और शक्ति के लिए करते हैं।”
गोंडल ने बताया कि दीया जलाने के दौरान उन्होंने भारत और अमेरिका के बीच संबंधों को और मजबूत करने के लिए प्रार्थना की। उन्होंने लिखा, “जैसे ही दीये जलाए गए, उस दौरान मैंने भारत-अमेरिका के बीच दोस्ती को और बेहतर बनाने के लिए प्रार्थना की।” उन्होंने बताया, कि अंधेरे पर रोशनी की जीत के लिए कामना की।
इस अवसर पर अमेरिका में भारत के राजदूत विनय मोहन क्वात्रा, मशहूर शेफ विकास खन्ना, उद्यमी विशाल गोंडल, आईबीएम के सीईओ अरविंद कृष्णा, एफबीआई निदेशक काश पटेल और अमेरिकी नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ हेल्थ के निदेशक जय भट्टाचार्य भी मौजूद थे।
बता दें, कि व्हाइट हाउस में दीवाली मनाने की परंपरा की राष्ट्रपति जॉर्ज डब्ल्यू. बुश के कार्यकाल से शुरू हुई थी। 2003 से आरंभ हुए ये दिवाली समारोह मुख्य रूप से आइजनहावर एग्जीक्यूटिव ऑफिस बिल्डिंग में आयोजित किए जाते थे। इनमें भारतीय-अमेरिकी समुदाय के सदस्यों और भारतीय राजनयिकों को आमंत्रित किया जाता था।
वर्ष 2009 में राष्ट्रपति बराक ओबामा व्हाइट हाउस में दीया जलाने वाले पहले अमेरिकी राष्ट्रपति बने थे। उन्होंने ईस्ट रूम में आयोजित समारोह के दौरान दीप प्रज्वलित किया था। इसके बाद से व्हाइट हाउस के अलग-अलग स्थानों पर दीया जलाने के कार्यक्रम आयोजित किए जाते रहे हैं। इनमें ओवल ऑफिस और रूजवेल्ट रूम भी शामिल हैं।
