श्रीनगर मेयर आरती भंडारी समेत 10 पार्षद भाजाप में शामिल
श्रीनगर नगर निगम की मेयर आरती भंडारी, लखपत सिंह भंडारी सहित दस पार्षदों ने आज भाजपा का दामन थाम लिया। इस अवसर पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष व राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट, कैबिनेट मंत्री धन सिंह रावत, प्रदेश महामंत्री कुंदन परिहार, तरुण बंसल सहित अन्य वरिष्ठ पदाधिकारी उपस्थित रहे।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने सभी का पार्टी में स्वागत करते हुए कहा, कि पिछले चुनाव में कुछ कारणों से आरती भंडारी को भाजपा का टिकट नहीं मिल सका था। इसके बावजूद उन्होंने जनता के बीच अपनी पकड़ बनाए रखी और चुनाव जीतकर मेयर बनीं। अब उन्होंने दोबारा भाजपा परिवार में वापसी की है।
महेंद्र भट्ट ने कहा, कि भाजपा में शामिल होने का यह सिलसिला आगे भी जारी रहेगा और जल्द ही कई अन्य लोग पार्टी में शामिल होंगे। उन्होंने कहा, कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार और राज्य में भाजपा सरकार की योजनाओं और नीतियों का लाभ आम लोगों तक पहुंच रहा है, जिसका असर राजनीतिक रूप से भी दिखाई दे रहा है।
प्रधानमंत्री श्री @narendramodi जी के नेतृत्व एवं मुख्यमंत्री श्री @pushkardhami जी की विकासोन्मुखी नीतियों से प्रेरित होकर उत्तराखण्ड में भाजपा के प्रति जनसमर्थन लगातार मजबूत हो रहा है।
इसी क्रम में आज प्रदेश कार्यालय, देहरादून में प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद श्री… pic.twitter.com/bWIbYF4rWb
— BJP Uttarakhand (@BJP4UK) August 19, 2026
श्रीनगर, नगर निगम महापौर आरती भंडारी ने इस अवसर पर कहा, कि भाजपा की विचारधारा मेरे लिए नई नहीं है। मैं पहले भी भाजपा परिवार का हिस्सा रही हूं। उन्होंने कहा, कि भाजपा में शामिल होना उनके लिए विचारधारा और विकास के संकल्प को और मजबूत करने का अवसर है।
भाजपा की सदस्यता ग्रहण करने वाले पार्षदों में कांग्रेस के अनुराग चौहान और राजकुमार, निर्दलीय पार्षद मीना देवी, भावना चौहान, प्रवेश चमोली, विजय चमोली, आशीष नेगी, नरेंद्र सिंह रावत और धर्म सिंह रावत सहित अन्य शामिल है।
गौरतलब है, कि इस पूरी सियासी हलचल को श्रीनगर की स्थानीय राजनीति में बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है। कैबिनेट मंत्री धन सिंह रावत के विधानसभा क्षेत्र में मेयर के साथ 10 पार्षदों का भाजपा में शामिल होना आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों के लिहाज से भी अहम माना जा रहा है।
श्रीनगर सीट पर धन सिंह रावत और कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल के बीच राजनीतिक मुकाबला लंबे समय से प्रदेश की राजनीति में चर्चा का विषय रहा है। फिलहाल श्रीनगर गढ़वाल विधानसभा क्षेत्र में कांग्रेस को झटका देते हुए भाजपा ने विधानसभा चुनाव 2027 के लिए बढ़त बना ली है।
वहीं कांग्रेस के सामने ताजा घटनाक्रम के बाद श्रीनगर विधानसभा में अपने संगठन और स्थानीय समीकरणों को मजबूत रखने की चुनौती बढ़ सकती है। भले ही विधानसभा चुनाव में अभी वक्त है, लेकिन श्रीनगर में मेयर और पार्षदों की भाजपा में एंट्री ने चुनावी मुकाबले की जमीन पर हलचल जरूर बढ़ा दी है।
बता दें, कि नगर निगम चुनाव 2025 में आरती भंडारी को भाजपा से मेयर पद के लिए टिकट नहीं मिला था। जिसके बाद उन्होंने निर्दलीय चुनाव लड़ा और जीत दर्ज की। इससे पहले आरती भंडारी जिला पंचायत सदस्य और ब्लॉक प्रमुख खिर्सू की जिम्मेदारी भी संभाल चुकी है। वहीं उनके पति लखपत सिंह भंडारी भी पूर्व में जिला पंचायत सदस्य रह चुके हैं।
