सांकेतिक चित्र
उत्तर प्रदेश के मेरठ जिले से सनसनीखेज वारदात सामने आई है। आरोप है, कि इलाके में रहने वाली युवती ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर ऐसी खौफनाक साजिश रची, जिसका अंत मां की हत्या के साथ हुआ। इसके बाद उन्होंने शव को 125 किलोमीटर दूर मंगलौर में गंगनहर पुल के पास झाड़ियों में फेंक दिया।
पुलिस के अनुसार, प्रेमी ने मां को बातों में उलझाए रखा और कार में पीछे बैठी बेटी ने चाकू से उनका गला काट दिया। बुधवार रात मंगलौर पुलिस ने दोनों हत्यारोपियों को गिरफ्तार कर इस हत्याकांड का खुलासा किया।
हरिद्वार एसपी देहात शेखर चंद्र सुयाल ने बताया, कि 18 अगस्त को गंगनहर किनारे एक अज्ञात महिला का गला कटा शव बरामद हुआ था। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा और मोबाइल ग्रुप पर उत्तर प्रदेश और आसपास के थानों में महिला का फोटो भेजकर शव की शिनाख्त के प्रयास किए।
मृतका की पहचान 42 वर्षीय कविता पत्नी अरविंद पंवार मूलरूप से ग्राम ओली माजरा थाना बुढ़ाना, मुजफ्फरनगर और हाल निवासी नटेशपुरम (मेरठ) निवासी के रूप में हुई। महिला के पति अरविंद ने पुलिस को बताया, कि वह एक फैक्ट्री में नौकरी करता है। 17 अगस्त को जब वे ड्यूटी से लौटे, तो पत्नी और बेटी उन्नति (20) घर से गायब मिली।
अरविंद के मुताबिक, जब पत्नी का फोन नहीं लगा तो उन्होंने बेटी को फोन किया। बेटी ने बताया, कि वह मां को लेकर कार से अपने प्रेमी आकाश चौहान निवासी ग्राम दूल्हेड़ा, थाना पल्लवपुरम, मेरठ के साथ मनोना धाम (बरेली) जा रही है। पुलिस की तफ्तीश में महिला की हत्या में उसकी सौतेली बेटी और उसके प्रेमी की भूमिका सामने आई।
एसपी देहात शेखर चंद सुयाल ने बताया, कि सीसीटीवी कैमरों की मदद से हत्यारोपियों की पहचान मृत महिला की सौतेली बेटी उन्नति ओर उसके प्रेमी आकाश चौहान के रूप में हुई। शव मिलने के बाद पुलिस ने 200 से ज्यादा सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। जांच आगे बढ़ी तो फुटेज में एक संदिग्ध कार दिखाई दी।
इस कार को तलाशती हुई पुलिस आरोपियों तक पहुंच गई। इस मामले में अरविंद ने मंगलौर कोतवाली में दोनों आरोपियों के खिलाफ हत्या की प्राथमिकी दर्ज कराई है। पुलिस ने दोनों आरोपियों को लक्सर रोड से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस का कहना है, कि दोनों ने अपना गुनाह कबूल कर लिया है।
पुलिस के मुताबिक, कविता की बेटी उन्नति और आकाश चौहान के बीच प्रेम-प्रसंग था। कविता इसका विरोध करती थी। पूछताछ में हत्यारोपियों ने बताया, कि वे दोनों कविता को 17 अगस्त को मनोना धाम ले जाने के बहाने घर से ले गए थे। दोनों ने कविता को मेरठ में एक मंदिर के दर्शन भी कराए और इसके बाद वहां से निकल गए।
आरोपी आकाश चौहान ने पुलिस को बताया, कि वारदात के समय वह कार चला रहा था। इस दौरान कार में पीछे बैठी उन्नति ने मां का गला काटकर हत्या कर दी। हत्या के बाद दोनों के कपड़े खून से सन गए। इसके बाद वह मेरठ के एक मार्ट में पहुंचे और वहां से नए कपड़े खरीदे। कपड़े बदलने के बाद वह शव लेकर रात को ही हरिद्वार की तरफ निकल गए।
करीब सुबह चार बजकर 40 मिनट पर शव से बदबू भी आने लगी थी। इसके बाद आरोपी शव को लेकर मंगलौर पुल के पास पहुंचे। सुनसान स्थान देखकर दोनों ने महिला के शव को गंग नहर किनारे झाड़ियों में फेंक दिया और फरार हो गए।
पुलिस ने बताया, कि दोनों आरोपी 10वीं कक्षा से साथ-साथ पढ़ाई कर रहे थे। प्रेमी आकाश ने उन्नति के घर के पास ही किराये पर कमरा लिया था। दोनों के बीच नजदीकी बढ़ने पर कविता ने बेटी के स्कूल जाने पर रोक लगा दी। मां कविता दोनों के रिश्ते का विरोध भी करती थी। बेटी ने मां को धमकी भी दी, कि वह उन दोनों के बीच में न आए।
दोनों की बिरादरी अलग होने के कारण कविता इस शादी का विरोध कर रही थी। कविता की अरविंद से दूसरी शादी थी। जब करीब 20 दिन पहले कविता ने उन्नति का स्कूल जाना बंद कर दिया, तो दोनों ने मिलकर हत्या करने का निर्णय लिया। कुछ दिन पूर्व युवक ने युवती के घर जाकर शादी की बात कही थी।
कविता के शादी के लिए मना करने के बाद युवक चला गया था। आकाश वारदात से दो दिन पहले दिल्ली से अपने गांव आया था। इसके बाद वह अपने दोस्त की कार लेकर परिजनों से यह कहकर गया था, कि वह जल्दी लौट आएगा। इसके बाद उसने उन्नति के साथ मिलकर इस खौफनाक हत्याकांड को अंजाम दे दिया।
