सांकेतिक चित्र
उत्तराखंड में मानसून ने एक बार फिर रफ्तार पकड़ ली है। मौसम विभाग के ताजा पूर्वानुमान के मुताबिक, प्रदेश के पर्वतीय जनपदों में भारी बारिश होने की संभावना को देखते हुए येलो अलर्ट जारी किया गया है। इस दौरान लोगों को लैंडस्लाइड, बाढ़ और वज्रपात से सावधान और सुरक्षित रहने को कहा गया है।
मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार, प्रदेश में 5 से 9 अगस्त के दौरान व्यापक बारिश के साथ कहीं-कहीं भारी बारिश होने की संभावना है। टिहरी, पौड़ी, चमोली, उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, नैनीताल, चंपावत, पिथौरागढ़ और उधम सिंह जिलों में कहीं-कहीं भारी बारिश और 30-50 किलोमीटर प्रति घंटे की गति से हवाएं चलने और बिजली चमकने का अनुमान है।
दिनांक 05.08.2026 को जारी उत्तराखंड राज्य हेतु मौसम पूर्वानुमान एवं चेतावनी | pic.twitter.com/TkkSz497ot
— Meteorological Centre Dehradun (@mcdehradun) August 5, 2026
बागेश्वर जनपद में लगातार हो रही वर्षा के चलते कई स्थानों पर मलबा और पत्थर आने से कुछ मोटर मार्ग अस्थायी रूप से प्रभावित हुए। प्रशासन की सक्रियता के चलते बागेश्वर, कपकोट और गरुड़ विकासखंडों में बंद हुए अधिकांश मार्गों को शीघ्र खोल दिया गया है, जबकि शेष मार्गों को भी युद्धस्तर पर सुचारु करने का कार्य जारी है।
प्रदेश में भारी वर्षा की स्थिति को देखते हुए मुख्यमंत्री धामी ने बुधवार सुबह सचिव आपदा प्रबंधन को हाई अलर्ट पर रहने के निर्देश दिए हैं। सीएम धामी ने SDRF, NDRF एवं सभी जिला प्रशासन को पूरी सतर्कता बरतने तथा किसी भी आपात स्थिति में तत्काल राहत एवं बचाव कार्य सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
प्रदेश में भारी वर्षा की स्थिति को देखते हुए मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने आज प्रातः सचिव आपदा प्रबंधन को हाई अलर्ट पर रहने के निर्देश दिए हैं। मुख्यमंत्री ने SDRF, NDRF एवं सभी जिला प्रशासन को पूरी सतर्कता बरतने तथा किसी भी आपात स्थिति में तत्काल राहत एवं बचाव कार्य…
— Uttarakhand DIPR (@DIPR_UK) August 5, 2026
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सभी प्रदेशवासियों व पर्यटकों से अपील की है, कि मौसम की परिस्थितियों को देखते हुए विशेष सावधानी बरतें व अनावश्यक यात्रा से बचें और अत्यंत आवश्यक होने पर ही यात्रा करें।
