PM मोदी को मिला इंडोनेशिया का सर्वोच्च सम्मान ‘बिन्तांग अदिपूर्णा’(फोटो साभार: X@narendramodi)
इंडोनेशिया, ऑस्ट्रेलिया और न्यूजीलैंड की यात्रा के पहले चरण में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी दो दिवसीय आधिकारिक यात्रा पर सोमवार को जकार्ता पहुंचे। जहां मंगलवार को उन्हें इंडोनेशिया के सबसे बड़े नागरिक सम्मान ‘बिंतांग आदिपूर्णा’ से नवाजा गया। इंडोनेशिया के राष्ट्रपति प्रबोवो सुबियांतो ने खुद पीएम मोदी को इस प्रतिष्ठित मेडल से सम्मानित किया।
प्रधानमंत्री मोदी को इंडोनेशिया के सर्वोच्च नागरिक सम्मान ‘बिंतांग आदिपूर्णा’ से सम्मानित किया जाना भारत और इंडोनेशिया के मजबूत होते रणनीतिक और कूटनीतिक रिश्तों का प्रतीक माना जा रहा है। इसके साथ ही प्रधानमंत्री मोदी उन विश्व नेताओं में शामिल हो गए हैं, जिन्हें 30 से अधिक देशों ने अपने सर्वोच्च या प्रतिष्ठित राष्ट्रीय सम्मानों से सम्मानित किया है।
इंडोनेशिया के सर्वोच्च नागरिक सम्मान को पाने के बाद प्रधानमंत्री कार्यालय ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पीएम मोदी का एक संदेश साझा किया। इसमें पीएम मोदी ने कहा, “आज सुबह मुझे बहुत ही आदर और स्नेह के साथ इंडोनेशिया का सर्वोच्च सम्मान दिया गया है। यह सम्मान मेरा नहीं, बल्कि भारत के करोड़ों देशवासियों का है।”
आज सुबह, मुझे बहुत स्नेह के साथ इंडोनेशिया का सर्वोच्च सम्मान भी दिया गया है।
ये सम्मान कोटि-कोटि भारतवासियों का है… इंडोनेशिया के लोगों की भावनाओं का है, भारत और इंडोनेशिया के ऐतिहासिक और आत्मीय संबंधों का है।
मैं प्रेसिडेंट प्रबोवो जी, इंडोनेशिया की सरकार और यहां की जनता का…
— PMO India (@PMOIndia) July 7, 2026
प्रधानमंत्री मोदी की इंडोनेशिया यात्रा भारत की एक्ट ईस्ट नीति, महासागर विजन और मुक्त, समावेशी एवं खुले हिंद-प्रशांत क्षेत्र के प्रति प्रतिबद्धता को आगे बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण मानी जा रही है। इस ऐतिहासिक दौरे से दोनों देशों के बीच रक्षा, तकनीक और व्यापार को लेकर 10 से ज्यादा बड़े और रणनीतिक समझौते हुए हैं।
भारतीय विदेश मंत्रालय के मुताबिक, “यह यात्रा भारत-इंडोनेशिया व्यापक रणनीतिक साझेदारी को आगे बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। हिंद-प्रशांत क्षेत्र में बढ़ते रणनीतिक महत्व के बीच दोनों देशों का सहयोग क्षेत्रीय स्थिरता और आर्थिक साझेदारी को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है।”
भारत और इंडोनेशिया मिलकर ‘सबांग पोर्ट‘ (Sabang Port) का विकास करेंगे। यह बंदरगाह विश्व के सबसे व्यस्त समुद्री मार्ग ‘मलक्का जलडमरूमध्य’ (Strait of Malacca) के पास स्थित है। यह स्थान भारत के ग्रेट निकोबार पोर्ट प्रोजेक्ट से महज 100 मील दूर है। इस समझौते से हिंद महासागर क्षेत्र में भारत की समुद्री मौजूदगी और सुरक्षा बहुत मजबूत होगी।
उल्लेखनीय है, कि प्रधानमंत्री मोदी राष्ट्रपति प्रबोवो के व्यक्तिगत निमंत्रण पर 6 से 8 जुलाई तक इंडोनेशिया के दौरे पर हैं। पीएम मोदी की यह चौथी इंडोनेशिया यात्रा है। वर्ष 2018 में दोनों देशों के बीच ‘व्यापक रणनीतिक साझेदारी’ बनने के बाद यह दोनों देशों के बीच पहली द्विपक्षीय यात्रा है।
