सांकेतिक चित्र
देहरादून में ठगी का एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। दरअसल, एक शख्स ने खुद को कांग्रेस के वरिष्ठ नेता राहुल गांधी का पीए बताकर एक महिला से करीब 25 लाख रुपए की ठगी कर ली। फिलहाल पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, आरोपी ने पहले पीड़िता का भरोसा जीता और उसे एक विधायक से मुलाकात कराने का आश्वासन दिया। महिला को विश्वास में लेकर आरोपी ने उससे लाखों रुपये की डिमांड की। इसी क्रम में पीड़िता ने भी अलग-अलग माध्यमों से आरोपी को 25 लाख रुपए दे दिए। जब लंबे समय तक वादा पूरा नहीं हुआ, तो पीड़िता को अपने साथ हुई ठगी का एहसास हुआ।
पीड़िता ने जब अपने रुपये वापस मांगे, तो आरोपी कई तरह के बहाने बनाकर मामले को टालता रहा। इसके बाद पीड़िता ने राजपुर थाने में शिकायत दर्ज कराई है, जिस पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज करते हुए मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार, भावना पांडेय नाम की महिला ने देहरादून के राजपुर थाने में शिकायत दर्ज कराई थी।
अपनी शिकायत में पीड़िता ने बताया, कि आरोपी ने उससे फोन पर संपर्क किया था और खुद को राहुल गांधी का पीए कनिष्क बताया था। आरोपी ने भावना पांडेय को विश्वास दिलाने के लिए पूर्व सीएम हरीश रावत, यशपाल आर्य, हरक सिंह रावत और कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल की आवाज भी सुनाई।
आरोपी ने महिला को बताया, कि कुछ विधायक देहरादून के एक होटल में रुके हैं, जो जो विधानसभाओं का सर्वे करने के लिए पहुंचे है। महिला को बताया गया, कि सर्वे में खर्च भी आ रहा है। साथ ही कहा, कि वो अपनी पहुंच के चलते महिला को टिकट भी दिला सकता है, इसके ऐवज में आरोपी ने महिला से पैसो की मांग की।
पीड़िता के मुताबिक, उसने 13 अप्रैल को अपने बैंक खाते से लगभग 9.5 लाख रुपये ट्रांसफर किए, जबकि लगभग 5 लाख रुपये नकद दिए थे। इसके अलावा अलग-अलग किस्तों में एक अन्य व्यक्ति जो आरोपी का साथी है, जिसे महाराष्ट्र का एक MLA बताया गया, उसे कुल मिलाकर 25 लाख रुपए दे दिए, लेकिन पैसे देने के बाद भी आरोपियों ने काम नहीं कराया और लगातार टालमटोल करते रहे।
आखिर में महिला ने आरोपियों से पैसे वापस मांगे तो उन्होंने बार-बार अलग-अलग समय देकर पैसे लौटाने का आश्वासन दिया, लेकिन बाद में संपर्क करना भी बंद कर दिया। पीड़िता ने बताया, कि ये एक संगठित गिरोह है, जो कांग्रेस के कई कार्यकर्ताओं को टिकट दिलाने का झांसा देता है, जिसमे कई लोग शामिल हैं।
इस प्रकरण में थाना राजपुर प्रभारी पीडी भट्ट ने बताया है, कि पीड़िता की शिकायत के आधार पर भारतीय न्याय संहिता 2023 की संबंधित धाराओं में अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
