मसूरी में मॉल रोड में एंट्री को लेकर बवाल, (फोटो साभार: सोशल मीडिया)
पर्यटन स्थली मसूरी में रविवार देर शाम मॉल रोड बैरियर पर उस समय भारी बवाल हो गया, जब दिल्ली से आए एक पर्यटक दंपति ने प्रतिबंधित समय में मॉल रोड के अंदर वाहन ले जाने की जिद पकड़ ली। इस दौरान विवाद इतना अधिक बढ़ गया, कि पर्यटक दंपति और स्थानीय दंपति के बीच मारपीट शुरू हो गई और दोनों पक्षों के बीच जमकर गाली-गलौज और लात-घूंसे चले।
जानकारी के अनुसार, दिल्ली से आया पर्यटक अपनी पत्नी और बच्चों के साथ मॉल रोड बैरियर पर पहुंचा था। इस दौरान मौके पर तैनात कर्मचारियों ने उन्हें बताया, कि प्रतिबंधित समय में मॉल रोड पर वाहनों का प्रवेश पूरी तरह बंद है और वाहन को पार्किंग में खड़ा कर पैदल जाना होगा, लेकिन पर्यटक वाहन अंदर ले जाने की जिद पर अड़ गया।
आरोप है, कि पर्यटक ने बैरियर के पास ही वाहन खड़ा कर दिया और लगभग साढ़े पांच घंटे तक वहीं बैठा रहा, जिससे सड़क पर लंबा जाम लग गया। इसके बाद मौके पर मौजूद स्थानीय दंपति और अन्य लोगों ने उन्हें समझाने का प्रयास करते हुए सड़क से वाहन हटाने का अनुरोध किया। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों में विवाद शुरू हो गया, जो देखते ही देखते मारपीट में बदल गया।
मसूरी में रविवार देर शाम माल रोड बैरियर पर दिल्ली से आए एक पर्यटक ने प्रतिबंधित समय में माल रोड के अंदर वाहन ले जाने की जिद पकड़ ली। विवाद इतना बढ़ गया कि पर्यटक दंपति और स्थानीय दंपति के बीच जमकर मारपीट हो गई। दंपतियों के बीच जमकर गाली-गलौज और लात घूसे चले। pic.twitter.com/Excz8CJxVx
— bhUpi Panwar (@askbhupi) May 4, 2026
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, पर्यटक और उसकी पत्नी वाहन से उतरकर स्थानीय व्यक्ति पर चप्पलों से हमला करने लगे, जिसके बाद उसकी पत्नी भी उलझ पड़ी। दोनों पक्षों के बीच जमकर लात-घूंसे चले और महिलाओं के बीच भी धक्का-मुक्की और हाथापाई शुरू हो गई। घटना के दौरान मॉल रोड बैरियर क्षेत्र में लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई।
हंगामे की सूचना मिलने पर मसूरी पुलिस मौके पर पहुंची और काफी प्रयास के बाद दोनों पक्षों को शांत कराया। इसके बाद पुलिस उन्हें मसूरी कोतवाली ले गई, जहां देर रात तक दोनों पक्षों के बीच एक-दूसरे के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराने को लेकर बहस होती रही।
इस संबंध में मसूरी कोतवाल देवेंद्र चौहान ने बताया, कि पूरे मामले की जांच की जा रही है। प्रारंभिक जांच में प्रतिबंधित समय में नियमों का उल्लंघन और सार्वजनिक स्थान पर हंगामा करने की बात सामने आई है। मामले में सार्वजनिक उपद्रव फैलाने और कानून व्यवस्था बाधित करने के तहत भी कार्रवाई की जा सकती है।
