भारत ने दुनिया का पहला ऑप्टोसार सैटेलाइट ‘दृष्टि’ किया लॉन्च, (फोटो साभार: @SharpSighter)
भारत ने अंतरिक्ष क्षेत्र में ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल करते हुए विश्व का पहला ऑप्टोसार सैटेलाइट लॉन्च किया है। दरअसल, अमेरिका के दिग्गज कारोबारी एलन मस्क की कंपनी ‘स्पेसएक्स’ ने कैलिफोर्निया से रविवार (3 मई 2026) को फैलकॉन 9 रॉकेट के माध्यम से बेंगलुरु स्थित स्टार्टअप गैलेक्सआई (GalaxEye) के ‘दृष्टि’ सैटेलाइट का सफल प्रक्षेपण किया है।
जानकारी के अनुसार, यह दृष्टि उपग्रह दुनिया का पहला ऑप्टोसार सैटेलाइट है, जिसमें इलेक्ट्रो-ऑप्टिकल (EO) और सिंथेटिक अपर्चर रडार (SAR) सेंसर को एक ही प्लेटफॉर्म पर एकीकृत किया गया है। इसकी मदद से प्रतिकूल मौसम आपदा के असर, कृषि और सीमा निगरानी से जुड़ी तस्वीरें प्रभावी ढंग से मिल सकेंगी।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने एक्स पोस्ट के माध्यम से गैलेक्सीआई के संस्थापकों और पूरी टीम को बधाई और शुभकामनाएं दी है। पीएम मोदी ने इस उपलब्धि पर खुशी जताते हुए इसे भारत की अंतरिक्ष यात्रा में एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर बताया। उन्होंने कहा, कि ‘मिशन दृष्टि’ देश के युवाओं के नवाचार और राष्ट्र निर्माण के प्रति उनके समर्पण को दर्शाता है।
Mission Drishti by GalaxEye marks a major achievement in our space journey. The successful launch of the world’s first OptoSAR satellite and the largest privately-built satellite in India is a testament to our youth’s passion for innovation and nation-building.
Heartiest…
— Narendra Modi (@narendramodi) May 3, 2026
बताया गया है, कि ईओ सेंसर साफ मौसम और दिन के समय उच्च-रिज़ॉल्यूशन तस्वीरें लेने में सक्षम है, जबकि एसएआर सेंसर रडार तकनीक के जरिए खराब मौसम, बादल या रात के दौरान भी पृथ्वी की सटीक तस्वीरें उपलब्ध कराता है। इस वजह से यह सैटेलाइट हर मौसम में प्रभावी ढंग से कार्य कर सकता है और पारंपरिक सैटेलाइट्स की तुलना में अधिक उन्नत माना जा रहा है।
दरअसल, ऑप्टोसार एक ही उपग्रह में दोनों तकनीकों को एकीकृत करके इस अंतर को पाटता है। यह एक ही बार में ऑप्टिकल और रडार डाटा को एक साथ कैप्चर करता है, फिर आउटपुट को एक एकीकृत छवि में मिला देता है। परिणामस्वरूप हर मौसम में बादलों के रहते हुए भी पृथ्वी की अत्यंत विस्तृत तस्वीरें मिल सकेंगी। यह भारत के सबसे उच्च-रिज़ॉल्यूशन वाले उपग्रहों में से एक है।
🚨 Bengaluru-based GalaxEye has successfully launched Mission Drishti today, world’s first OptoSAR satellite & India's largest privately built satellite.pic.twitter.com/5tRcZGphWs
— Sharp Sighter (@SharpSighter) May 3, 2026
गौरतलब है, कि इस मिशन की शुरुआत आईआईटी मद्रास के इंजीनियरों ने 2021 में की थी। इस मिशन के सफल होने से भारत में निजी अंतरिक्ष इकोसिस्टम को बढ़ावा मिलेगा।
