देहरादून में ट्रक और कार की भिड़ंत, (फोटो साभार :अमर उजाला)
देहरादून शहर में शनिवार (18 अप्रैल 2026) को मोहब्बेवाला इलाके में फिर बड़ा हादसा हो गया। दरअसल, सीमेंट से भरा एक अनियंत्रित ट्रक पहले कार से टकराया और फिर बिजली के खंभे व दीवार से जा भिड़ा। टक्कर इतनी जोरदार थी, कि चालक ट्रक में फंस गया, जिसे पुलिस ने रेस्क्यू कर बाहर निकाला।
जानकारी के अनुसार, ट्रक आशारोड़ी से देहरादून की तरफ आ रहा था, उसी दौरान मोहब्बेवाला में एक कार चालक यूटर्न ले रहा था, तभी कार रॉन्ग साइड चली गई और ट्रक ने गाड़ी में टक्कर मार दी। कार में टक्कर मारने के बाद ट्रक सड़क किनारे लगे बिजली के पोल से टकरा गया और ट्रक का अगला हिस्सा दबने के कारण ट्रक चालक फंस गया।
हादसे के बाद मौके पर अफरातफरी मच गई थी। जिसके बाद स्थानीय लोगों ने हादसे की सूचना पुलिस को दी, जिसके बाद पुलिस और एसडीआरएफ की टीम ने घटनास्थल पर पहुंच कर ट्रक चालक को काफी मशक्कत के बाद सुरक्षित बाहर निकाला। वहीं पुलिस द्वारा घटना के संबंध में अग्रिम कार्रवाई जारी है।
कोतवाली पटेल नगर प्रभारी विनोद गुसाई ने बताया, कि शनिवार सुबह मोहब्बेवाला, आईएसबीटी क्षेत्र में एक कार एवं ट्रक की आपस में टकरा जाने की सूचना प्राप्त हुई। सूचना पर एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची और ट्रक में फंसे जुनैद निवासी बागपत को कड़ी मशक्कत के बाद सुरक्षित बाहर निकाला। घायल युवक को प्राथमिक उपचार के लिए एंबुलेंस के माध्यम से अस्पताल भेजा गया।
गौरतलब है, कि हाल ही के दिनों में दून शहर के पटेलनगर कोतवाली क्षेत्र के अंतर्गत मोहब्बेवाला इलाके में तेज रफ्तार का कहर देखने को मिला था, यहां एक ट्रक ने आगे चल रहे एक ट्रक को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे की चपेट में आने से छह वाहन आपस में भिड़ गए। इस दुर्घटना में चालक और हेल्पर गंभीर रूप से घायल हो गए थे।
